IND vs PAK Hockey World Cup Match: आज नीदरलैंड की जमीन पर आयोजित होने वाले एफआईच पुरुष हॉकी वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले बहुप्रतीक्षित मुकाबले के सभी टिकट बिक चुके हैं। पूल-डी के इस हाई-प्रोफाइल मैच के लिए 10,000 दर्शकों की क्षमता वाला वैगनर स्टेडियम खचाखच भरा होगा। नीदरलैंड में भारतीय और पाकिस्तानी समुदायों के बीच इस मैच को लेकर काफी उत्साह है। इसके टिकट सितंबर 2025 से ही अलग-अलग चरणों में ऑनलाइन बेचे जा रहे थे।
रॉयल डच हॉकी एसोसिएशन (KNHB) की कम्युनिकेशन ऑफिसर तमारा बाउमन्स ने PTI को बताया, "टिकट सितंबर 2025 से ऑनलाइन बेचे गए। हमने इन्हें चरणों में बेचा, पहला चरण सितंबर में और अगला इस साल मार्च में हुआ।" टिकटिंग प्लेटफॉर्म पर कई कैटेगरी के टिकट उपलब्ध थे। इनकी कीमतें गैर-डच मैचों के लिए साउथ स्टैंड टिकट के 35 यूरो (3,878 रुपये) से लेकर कवर्ड मेन स्टैंड के डे-टिकट के लिए 57 यूरो (6,316 रुपये) तक थीं। हॉस्पिटैलिटी टिकट की कीमत 251.34 यूरो (तकरीबन 28 हजार रुपये) थी।
बाउमन्स ने बताया कि जब ग्रुप-स्टेज के किसी दिन के सभी टिकट बिक जाते हैं, तो टिकटिंग प्लेटफॉर्म के जरिए हाफ-डे पास दिए जाते हैं। इन पास से दर्शक उस दिन नीदरलैंड के मैच को छोड़कर बाकी सभी मैच देख सकते हैं।
नीदरलैंड में रहने वाले भारतीय मूल के लोगों के लिए भारत-पाकिस्तान का मैच खास रहा है। पिछले आठ साल से नीदरलैंड में रह रहीं अंजना पब्बी ने कहा, "मैं अपने परिवार के साथ भारत-पाकिस्तान का मैच देखना चाहती थी, लेकिन टिकट नहीं मिल पाए। यह पहली बार है जब भारतीय टीम यहां वर्ल्ड कप खेल रही है, इसलिए हम बहुत उत्साहित थे।" उन्होंने आगे कहा, "अब हम इसे टीवी पर देखेंगे और हरमनप्रीत सिंह और टीम का हौसला बढ़ाएंगे।" इससे पहले टूर्नामेंट के सह-मेजबान नीदरलैंड की टीम के मैचों के लिए भी वैगनर स्टेडियम के सभी टिकट बिक चुके थे।
