बिजनेस

US Canada Trade War : ट्रंप का टैरिफ पर एक और यू-टर्न, कनाडा पर 50% टैरिफ टाला

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप टैरिफ के मुद्दे पर एक फिर पलट गए हैं। ट्रंप ने दावा किया है कि आखिरी वक्त में हुई बातचीत के चलते कानाडा पर लगाए जाने वाले 50% टैरिफ को फिलहाल टाला जा रहा है।

Image

ट्रंप को कनाडा के साथ डील की उम्मीद

US Canada Trade War : अमेरिका और कनाडा के बीच बढ़ता ट्रेड तनाव फिलहाल टल गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने कनाडा से अमेरिका में आने वाले सामान पर प्रस्तावित 50% टैरिफ को 3 दिनों के लिए टाल दिया है। ये टैरिफ बुधवार से लागू होने वाला था। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और कनाडा के बीच एक समझौता हो गया है और अब दस्तावेजों को अंतिम रूप दिया जाना बाकी है।

20 अरब डॉलर का कारोबार होता प्रभावित

ट्रंप प्रशासन के मुताबिक अमेरिका ने करीब 20 अरब डॉलर के कनाडाई उत्पादों पर 50% अतिरिक्त टैरिफ लगाने की तैयारी की थी। इसमें हॉकी स्टिक, सीमेंट, शराब, डेयरी से जुड़े उत्पाद और रोजमर्रा की कई अन्य चीजें शामिल थीं। प्रस्तावित टैरिफ कनाडा से अमेरिका को होने वाले कुल निर्यात के करीब 5% हिस्से को प्रभावित करता। इस फैसले से दोनों देशों के बीच ट्रेड वॉर और बढ़ने का खतरा था। कनाडा की ओर से भी जवाबी कदम उठाए जाने की संभावना थी।

ट्रंप और कार्नी में हो रही बातचीत

अमेरिका और कनाडा दोनों देशों ने बताया है कि टैरिफ की डेडलाइन से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी (Mark Carney) के बीच लगातार बातचीत हो रही है। दोनों नेताओं ने दो दिनों में दो बार फोन पर बात की। इसके बाद दोनों देशों के अधिकारियों के बीच आखिरी दौर की बातचीत तेज की है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि टैरिफ को 3 दिनों के लिए रोकने का फैसला इसलिए लिया गया है क्योंकि दोनों देशों ने एक डील पर सहमति बनाई है। हालांकि, अंतिम दस्तावेज अभी पूरे होने बाकी हैं।

कीस्टोन पाइपलाइह पर हुई चर्चा

ट्रंप ने अपने पोस्ट में इस समझौते के साथ ही कीस्टोन XL पाइपलाइन का भी जिक्र किया है। ट्रंप का कहना है कि लंबे समय से बंद पड़ी पाइपलाइन को दोबारा शुरू किया जा सकता है। यह पाइपलाइन कनाडा से अमेरिका तक क्रूड ऑयल की सप्लाई से जुड़ी है।

ट्रंप ने कब-कब टैरिफ पर लिया यू टर्न?

1. Canada और Mexico : फरवरी 2025 में ट्रंप ने कनाडा और मेक्सिको के सामान पर 25% टैरिफ लगाने की घोषणा की थी। टैरिफ लागू होने से ठीक पहले उन्होंने इसे एक महीने के लिए टाल दिया। इसके बदले दोनों देशों से सीमा सुरक्षा और फेंटेनाइल तस्करी रोकने को लेकर कदम उठाने की मांग की गई।

2. China के छोटे पैकेज : फरवरी 2025 में ही ट्रंप ने चीन से आने वाले कम मूल्य के छोटे पैकेजों को मिलने वाली de minimis duty-free छूट खत्म करने का फैसला किया गया, लेकिन प्रशासन ने इसे कुछ समय के लिए वापस टाल दिया, ताकि नए सिस्टम की तैयारी की जा सके।

3. 90 दिन का ग्लोबल टैरिफ : यह ट्रंप का सबसे बड़ा टैरिफ यू टर्न था। 2 अप्रैल, 2025 ट्रंप ने दर्जनों देशों पर भारी Reciprocal Tariffs का ऐलान किया। लेकिन सिर्फ कुछ दिनों बाद, 9 अप्रैल को अधिकांश देशों के लिए बढ़े हुए टैरिफ को 90 दिनों के लिए रोक दिया और दर को 10% पर वापस कर दिया।

4. China के साथ 90 दिन की Tariff संधि : अमेरिका और China के बीच टैरिफ टकराव बहुत तेजी से बढ़ने के बाद दोनों देशों ने मई 2025 में 90 दिनों के लिए कुछ टैरिफ घटाने पर सहमति बनाई। अमेरिकी प्रशासन ने China से आने वाले कुछ सामान पर दरों में बड़ी कटौती की।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article