पंजाब पुलिस को अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। काउंटर इंटेलिजेंस विंग की ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्रैडिशन सेल (OFTEC) ने दाविंदर बंबीहा गैंग से जुड़े तीन वांटेड आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों को केंद्रीय एजेंसियों की मदद से मलेशिया से भारत डिपोर्ट कराया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
जानकारी के अनुसार, आरोपी मलेशिया से डिपोर्ट होकर भारत में नई दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर पहुंचे। जिसके बाद पंजाब पुलिस ने उन्हें एयरपोर्ट पर उतरते ही हिरासत में ले लिया। अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जसप्रीत सिंह उर्फ जस बेहबल, अजय सिंह और पवनदीप सिंह के रूप में हुई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई के लिए आरोपियों को लेकर पंजाब रवाना हुई है।
हत्या और जबरन वसूली समेत कई मामले दर्ज
पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों के खिलाफ पंजाब में गंभीर धाराओं में आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, जबरन वसूली, विस्फोटक रखने और हैंड ग्रेनेड हमले जैसे मामले शामिल हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार, इन गुर्गों के सीधे संबंध पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) से जुड़े नेटवर्क से थे। ये आरोपी लुधियाना में हुए एक सुनियोजित हैंड-ग्रेनेड धमाके में मुख्य साजिशकर्ता के रूप में शामिल रहे हैं। पुलिस इस मामले में आरोपियों की भूमिका और उनके आपराधिक नेटवर्क से जुड़े कनेक्शन की भी जांच कर रही है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - मानसून का रौद्र रूप बरकरार! उत्तराखंड में ऑरेंज अलर्ट तो झारखंड-ओडिशा में बाढ़ का खतरा; अरुणाचल में भी बिगड़ेगा मौसम
पूछताछ के लिए पंजाब लाया जा रहा
तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद उन्हें आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के लिए पंजाब लाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रिमांड पर लेकर इनसे बंबीहा गैंग के विदेश में बैठे अन्य नेटवर्क, हथियारों की तस्करी और फंडिंग को लेकर विस्तृत पूछताछ की जाएगी, जिससे कई अन्य बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
