नॉलेज

गिरफ्तारी और हिरासत में क्या है फर्क, खान सर को क्यों ले गई थी पुलिस

Khan Sir Case: प्रसिद्ध शिक्षक व यूट्यूबर खान सर को पटना पुलिस ने रिहा कर दिया। दरअसल, 70वीं बीपीएससी संयुक्त प्राथमिक परीक्षा के नियमों को लेकर अभ्यर्थियों के विरोध प्रदर्शन को समर्थन देने वाले खान सर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। ऐसे में चलिए समझते हैं कि हिरासत और गिरफ्तारी में क्या अंतर होता है।

Image

खान सर

Khan Sir Case: प्रसिद्ध शिक्षक व यूट्यूबर खान सर ने उस वक्त सुर्खियां बटोरी जब वह बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 70वीं संयुक्त प्राथमिक परीक्षा के नियमों में बदलाव के खिलाफ छात्रों के साथ प्रदर्शन कर रहे थे और अचानक पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया, लेकिन कुछ लोगों को ऐसा लगा मानो खान सर को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि ऐसा कुछ था नहीं। ऐसे में आज हम यह जानेंगे कि हिरासत और गिरफ्तारी के बीच का बुनियादी अंतर क्या है।

अक्सर ऐसे मामले सामने आते हैं जब किसी को हिरासत में लिया जाता है या फिर किसी की गिरफ्तारी होती है, लेकिन कई बार लोग दोनों को एक ही समझते हैं, जबकि ऐसा है नहीं। दोनों में काफी अंतर होता है।

हिरासत के बारे में जानें

जब कभी सामान्य परिस्थितियों में पुलिस किसी व्यक्ति को किसी मामले की जानकारी जुटाने के उद्देश्य से थाने ले जाती है तो उसे हिरासत में लेना कहा जाता है और ऐसे किसी व्यक्ति को लॉकअप में नहीं रखा जाता है और न ही उसके साथ मारपीट की जाती है। हिरासत में लिए गए व्यक्ति को परिवार से बात करने, घर से खाना मंगवाने या अन्य किसी अधिकार से अलग नहीं किया जा सकता है।

विरोध प्रदर्शनों के दरमियां भी पुलिस कई बार प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेती है और फिर मामला शांत होते ही उन्हें जाने देती है। आसान शब्दों में कहें तो हिरासत अस्थायी होती है।

हिरासत में लिए जाने का मतलब है कि पुलिस को संदेह है कि कोई व्यक्ति आपराधिक कृत्य में शामिल रहा है या हो सकता है। ऐसे में पुलिस अधिकारी उस व्यक्ति को रोककर जांच करता है और यह निर्धारित करता है कि क्या उन्हें आगे की कार्रवाई करने की जरूरत है या नहीं। कई बार सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से ऐसी परिस्थितियां उत्पन्न हो जाती हैं, लेकिन गिरफ्तारी का मामला इसके काफी अलग होता है।

क्या होती है गिरफ्तारी?

गिरफ्तारी का मतलब साफ है कि किसी व्यक्ति पर अपराध का आरोप लगाया गया है। इसके अतिरिक्त अगर कोई व्यक्ति किसी आपराधिक गतिविधि का दोषी हो या शामिल रहा हो या फिर उस पर संदेह हो। ऐसे व्यक्ति को पुलिस गिरफ्तार करती है।

क्या है खान सर का मामला?

बीपीएससी की 70वीं संयुक्त प्राथमिक परीक्षा के नियमों को लेकर छात्रों के विरोध प्रदर्शन को खान सर ने अपना समर्थन दिया। साथ ही खान सर छात्रों के धरना स्थल पर भी पहुंच गए। जिसके बाद खान सर को हिरासत में लिया गया, लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article