शहर

ललितपुर से सागर तक कैसे पहुंची जहरीली शराब? 11 मौतों के बाद जागा प्रशासन

सागर जिले के प्रभावित इलाके उत्तर प्रदेश की सीमा के नजदीक हैं। ऐसे में जांच एजेंसियों को आशंका है कि सीमा से सटे इलाकों का इस्तेमाल अवैध शराब की तस्करी के लिए किया गया हो सकता है।

Image

जहरीली शराब से मौत के बाद हो रही कार्रवाई (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Photo : iStock

मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा और शाहगढ़ तहसील क्षेत्र में संदिग्ध जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के बाद जांच का दायरा अब पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश तक पहुंच गया है। प्रशासन की शुरुआती जांच में शराब की कथित सप्लाई उत्तर प्रदेश के ललितपुर से होने का एंगल सामने आया है। इसके बाद पुलिस यह पता लगाने में जुटी हैं कि आखिर ललितपुर से शराब सागर के प्रभावित गांवों तक किस नेटवर्क के जरिए पहुंची।

सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में ललितपुर से शराब की सप्लाई की बात सामने आई है। उन्होंने बताया कि ललितपुर में एक गिरोह द्वारा इस तरह की जहरीली शराब की सप्लाई किए जाने की जानकारी जांच में मिली है। हालांकि, प्रशासन अभी इस बात की जांच कर रहा है कि इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं और शराब किस रास्ते से प्रभावित गांवों तक पहुंचाई गई।

यूपी बॉर्डर से सटे होने का फायदा उठाने का शक

सागर जिले के प्रभावित इलाके उत्तर प्रदेश की सीमा के नजदीक हैं। ऐसे में जांच एजेंसियों को आशंका है कि सीमा से सटे इलाकों का इस्तेमाल अवैध शराब की आवाजाही के लिए किया गया हो सकता है। फिलहाल यह जांच का विषय है कि कथित तौर पर ललितपुर से आई शराब सीधे गांवों तक पहुंची या बीच में स्थानीय स्तर पर किसी व्यक्ति या कारोबारी ने इसकी सप्लाई संभाली।

सात शराब दुकानें सील,नमूने जांच के लिए भेजे

घटना के बाद जिला प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र में एहतियाती कदम उठाते हुए सात शराब दुकानों को सील कर दिया है। इन दुकानों से शराब के नमूने भी लिए जा रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं इनसे बेची गई शराब और मृतकों द्वारा सेवन की गई शराब के बीच कोई संबंध तो नहीं है। इसके साथ ही 20 लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। इसके साथ ही अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हालांकि,अभी तक किसी व्यक्ति को इस सप्लाई नेटवर्क का मुख्य आरोपी घोषित नहीं किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच के आधार पर सामने आए तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।

शनिवार रात शराब पीने के बाद बिगड़ी तबीयत

बंडा और शाहगढ़ तहसील क्षेत्र में कई लोगों ने शनिवार रात शराब का सेवन किया था। इसके बाद कुछ लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उन्हें उल्टी, सिरदर्द और बुखार जैसी शिकायतें हुईं। परिजन उन्हें स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां कुछ लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। प्रशासन के मुताबिक, लोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है। जिन लोगों में संदिग्ध लक्षण मिल रहे हैं, उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा जा रहा है। कुछ मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भी भेजा गया है।

11 की मौत

घटना में मौतों की संख्या को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं। जिला कलेक्टर ने 10 लोगों की मौत की पुष्टि की है, जबकि स्थानीय भाजपा विधायक ने मृतकों की संख्या 11 बताई है। पूर्व कांग्रेस विधायक ने भी अलग आंकड़ा बताया है। प्रशासन ने कहा है कि शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी उपलब्ध नहीं हुई है। इसलिए मौतों के वास्तविक कारण और जहरीली शराब से उनके संबंध की अंतिम पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article