शहर

Maharajganj News: पुलिस चौकी में केक काटना पड़ा भारी, वायरल वीडियो के बाद 6 पुलिसकर्मी हुए सस्पेंड; चौकी प्रभारी ने दी सफाई

Maharajganj News: महराजगंज की अड्डा बाजार पुलिस चौकी में जन्मदिन का केक काटने का कथित वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए चौकी प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। मामले में पुलिस अधिकारियों ने जांच के आदेश देते हुए घटना के समय, परिस्थितियों और पुलिसकर्मियों की भूमिका की पड़ताल शुरू कर दी है।

Image

महराजगंज की पुलिस चौकी में बर्थडे पार्टी ने मचाया बवाल (प्रतीकात्मक फोटो)

Maharajganj News: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में एक चौकी परिसर में एक व्यक्ति द्वारा जन्मदिन का केक काटने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद चौकी प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया और मामले की जांच के आदेश दिये गये। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, वायरल वीडियो अड्डा बाजार पुलिस चौकी का बताया जा रहा है।

उपनिरीक्षक समेत कुछ पुलिसकर्मी खड़े नजर आए वीडियो में

वीडियो में एक व्यक्ति केक काटता हुआ दिख रहा है, जबकि पास में एक उपनिरीक्षक समेत कुछ पुलिसकर्मी खड़े नजर आ रहे हैं। पुलिस परिसर में निजी आयोजन को लेकर इस वीडियो पर सवाल उठाए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि महराजगंज के पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने वीडियो का तुरंत संज्ञान लिया और मामले की जांच की जिम्मेदारी निचलौल के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) बसंत सिंह को सौंपी गई है।

प्रभारी उप-निरीक्षक समेत ये पुलिसकर्मी हुए सस्पेंड

निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में अड्डा बाजार चौकी के प्रभारी उप-निरीक्षक अखिलेश यादव, मुख्य आरक्षी विकास कुमार गौड़ और आरक्षी प्रभाव गौर, अभिमन्यु खरवार, रामकृत यादव और प्रशांत कुमार शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि जांच में शुरुआती तौर पर अनुशासनहीनता और सरकारी ड्यूटी में लापरवाही पाई गई है। सिंह ने बताया कि वीडियो उनके संज्ञान में आया है और यह पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है कि घटना कब हुई और किन परिस्थितियों में चौकी परिसर में जन्मदिन मनाया गया।

आखिर किसने दी युवक को चौकी में केक काटने की इजाजत?

पुलिस ने आगे बताया कि जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि युवक को चौकी में केक काटने की अनुमति किसने दी थी और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों की क्या भूमिका थी। अड्डा बाजार चौकी प्रभारी अखिलेश यादव ने इससे पहले बताया था कि पुलिसकर्मी जन्माष्टमी का कार्यक्रम मना रहे थे और इसी दौरान खैराती गांव का एक युवक वहां पहुंचा और उसने अपने जन्मदिन का केक काटने की अनुमति मांगी। उन्होंने बताया था कि वह इस तरह के निजी आयोजनों से दूर रहते हैं। अधिकारियों ने बताया कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article