स्पोर्ट्स

बांग्लादेश को हराकर भारत ने 20 साल बाद AFC U20 Asian Cup के लिए किया क्वालीफाई

भारत ने 2027 चीन में होने वाले एएफसी U-20 एशिया कप के लिए क्वालीफाई कर लिया है। 20 साल बाद भारत ने यह कारनामा किया है। अपने अंतिम लीग मुकाबले में उसने बांग्लादेश को 3-0 से हराकर अपनी जगह पक्की कर ली।

Image

एएफसी एशियन कप (साभार-x)

भारत ने रविवार को खेले गए एएफसी अंडर-20 एशियाई कप क्वालीफायर के अपने अंतिम ग्रुप मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को 3-0 से हराकर टूर्नामेंट में दूसरी जीत दर्ज की। बांग्लादेश के खिलाफ जीत के बाद भारत के तीन मैचों में छह अंक हो गए हैं। इस जीत के साथ ही उसने 20 साल के लंबे इंतजार के बाद AFC U20-एशियन कप के लिए क्वालीफाई कर लिया। भारत की ओर से डैनी मीतेई लैशराम ने 25वें मिनट में पहला गोल किया। इसके बाद विशाल यादव ने 60वें मिनट में शानदार ’एक्रोबैटिक’ शॉट के जरिए भारत की बढ़त 2-0 कर दी। सब्सिट्यूट खिलाड़ी मोहम्मद अरबाश ने 79वें मिनट में जोरदार शॉट लगाकर भारत की जीत 3-0 से पक्की कर दी।

सीरिया को हराने वाली उज्बेकिस्तान नौ अंकों के साथ ग्रुप बी में टॉप पर रही। सीरिया तीन अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही और सबसे निचले पायदान पर फिनिश किया। भारत ने सभी आठ ग्रुपों में से सात सर्वश्रेष्ठ रनर-अप में से एक के रूप में क्वालीफाई किया। एएफसी अंडर-20 एशियन कप 2027 24 मार्च से 10 अप्रैल के बीच चीन में आयोजित किया जाएगा। एशियन कप की टॉप चार टीमें फीफा अंडर-20 विश्व कप 2027 के लिए क्वालीफाई करेंगी।

कोच महेश गावली का मास्टरस्ट्रोक

मैच के 72वें मिनट में भारतीय फुटबॉल टीम के कोच महेश गावली ने एक मास्टरस्ट्रोक खेला। उन्होंने डैनी और विशाल की जगह मोहम्मद अरबाश और प्रसान जाजो को सब्सिट्यूट के तौर पर शामिल किया। मोहम्मद अरबाश ने इस फैसले को केवल 7 मिनट में सही साबित कर दिया। याइफारेम्बा चिंगाखाम ने आक्रमण की शुरुआत की और भारत ने बांग्लादेश के रक्षात्मक मोर्चे को भेदते हुए गेंद को आगे बढ़ाया। अरबाश ने अपने बाएं पैर से जोरदार शॉट लगाकर गेंद को नेट के ऊपरी हिस्से में पहुंचा दिया और स्कोर 3-0 हो गया। गावली ने मैच के अंतिम क्षणों में तीन और बदलाव किए, जिसमें अनिकेत यादव, ओमांग डोडुम और दानियाल मकाकमयूम को शामिल किया गया और भारत ने आसानी से जीत हासिल कर ली और 20 साल के इंतजार का खत्म कर दिया। भारत ने आखिरी बार 2006 में एएफसी अंडर-20 एशियाई कप के मुख्य टूर्नामेंट में हिस्सा लिया था।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article