Khan Sir News: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 70वीं संयुक्त प्राथमिक परीक्षा में नॉर्मलाइजेशन का विरोध कर रहे छात्रों का समर्थन करने के बाद शुक्रवार को पुलिस ने जाने माने शिक्षक व यूट्यूबर खान सर को हिरासत में ले लिया था। हालांकि, छात्रों की मांग और भारी विरोध के बाद पुलिस बैकफुट पर आ गई, जिसके बाद देर रात गर्दनीबाग पुलिस स्टेशन से खान सर को रिहा कर दिया गया।
बता दें, बीपीएससी की परीक्षा में नॉर्मलाइजेशन को लेकर छात्रों का विरोध-प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों को शिक्षक खान सर का समर्थन मिला है। शुक्रवार को खान सर छात्रों का समर्थन करने के लिए बीपीएससी कार्यालय पहुंचे थे और सड़क पर उतरकर छात्रों के साथ प्रदर्शन कर रहे थे, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। उन्हें गर्दनीबाग थाना ले जाया गया था। इसके अलावा छात्र नेता दिलीप को भी हिरासत में लिया गया था।
बढ़ गया छात्रों का गुस्सा
खान सर को हिरासत में लिए जाने के बाद प्रदर्शन कर रहे छात्रों का गुस्सा बढ़ गया है। ऐसे में छात्रों का आंदोलन और तेज होने की आशंका जताई जा रही थी। सोशल मीडिया पर भी खान सर के समर्थन में छात्रों कई पोस्ट किए, जिसके बाद पुलिस बैकपुट पर आ गई और खान सर को रिहा करना पड़ा। बता दें, बीपीएससी के अभ्यर्थियों ने पटना में बीपीएससी कार्यालय के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया था। अभ्यर्थियों ने शहर में बेली रोड को भी जाम कर दिया, इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों को तितर-बितर करने और व्यवस्था बहाल करने के लिए लाठीचार्ज किया।
क्या है छात्रों की मांग
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों की मांग है कि नॉर्मलाइजेशन लागू नहीं होना चाहिए। छात्रों ने 'वन शिफ्ट, वन पेपर' की मांग की है। प्रदर्शनकारी अभ्यर्थी 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा को पिछले वर्षों की तरह ही आयोजित करने की मांग कर रहे हैं। साथ ही परीक्षा प्रक्रिया को सामान्य बनाने की मांग कर रहे हैं। वे मांग कर रहे हैं कि आयोग वही परीक्षा प्रक्रिया अपनाए जो निष्पक्षता और एकरूपता के लिए अपनाई जाती रही है।
