Wave on Saturn News: सौर मंडल का छल्लेदार ग्रह शनि (Saturn) एक बार फिर वैज्ञानिकों को हैरान कर रहा है। खगोलविदों ने शनि के दक्षिणी ध्रुव पर जमी हुई अमोनिया की बादलों की परत में 10 भुजाओं वाला एक बेहद विशाल और अजीबोगरीब तूफानी चक्रवात खोज निकाला है। ज्यामिति की भाषा में 10 भुज वाली इस आकृति को 'डेकागन' कहा जाता है। यह सनसनीखेज रिपोर्ट 'साइंस एडवांसेज' (Science Advances) जर्नल में प्रकाशित हुई है। स्पेन की 'यूनिवर्सिटी ऑफ द बास्क कंट्री' के प्रमुख वैज्ञानिक अगस्टिन सांचेज-लावेगा की अगुवाई में हुई इस खोज ने खगोलविदों के पुराने दावों को चुनौती दे दी है।
हबल टेलिस्कोप की नजर में आया 10 भुज वाला तूफान
नासा के हबल स्पेस टेलिस्कोप (Hubble Space Telescope) ने साल 2023 में पहली बार इस अभूतपूर्व नजारे को कैद किया। इससे पहले के आब्जर्वेशन में यह आकृति नजर नहीं आई थी। वैज्ञानिकों का मानना है कि यह रहस्यमयी आकृति 2017 से 2023 के बीच आकार में आई होगी। इस दौरान शनि का दक्षिणी ध्रुव पृथ्वी की ओट में झुका हुआ था, जिससे वह दिखाई नहीं दे रहा था। यह नया तूफान आकार में बेहद विशाल है। इस 10-भुज वाली आकृति की केवल एक भुजा ही 16,700 किलोमीटर (10,000 मील) से ज्यादा लंबी है।
उत्तरी ध्रुव के Hexagon से कितना अलग?
1980 के दशक में नासा के वाइजर (Voyager) मिशन ने शनि के उत्तरी ध्रुव पर 6 भुजाओं वाली आकृति यानी 'हेक्सागन' की खोज की थी, जो पिछले 40 से अधिक वर्षों से एक ही जगह पर स्थिर है। लेकिन यह नया 'डेकागन' उससे काफी अलग है। उत्तरी ध्रुव का Hexagon लगभग अपनी जगह पर टिका हुआ है, जबकि यह 10-भुज वाला नया तूफान 10 किमी प्रति घंटे (6 मील प्रति घंटे) की रफ्तार से पूर्व दिशा की ओर खिसक रहा है। चिली स्थित यूरोपियन साउदर्न ऑब्जर्वेटरी के वेरी लार्ज टेलिस्कोप (VLT) का इस्तेमाल कर वैज्ञानिक ली फ्लेचर ने इस तूफान के अंदर चलने वाली हवाओं की गति दर्ज की है।
सिर्फ शनि ग्रह पर ही क्यों बनती हैं ऐसी आकृतियां?
अंतरिक्ष वैज्ञानिकों के लिए सबसे बड़ी पहेली यह है कि सौर मंडल के अन्य ग्रहों पर तूफान और तरंगें गोल या अनियमित आकार की होती हैं, लेकिन केवल शनि ग्रह ही बादलों में सीधी रेखाओं वाले गणितीय ढांचे कैसे बना लेता है? मुख्य शोधकर्ता डॉ. अगस्टिन सांचेज-लावेगा ने कहा, शनि ग्रह के पास आज भी हमें चौंकाने की अद्भुत क्षमता है। इस नई खोज से साबित होता है कि उत्तरी ध्रुव का हेक्जागोन कोई अकेला अपवाद नहीं था।
वैज्ञानिकों का मानना है कि दोनों ध्रुवों की तुलना करके वे गैस से बने विशाल ग्रहों के मौसम चक्र को बेहतर ढंग से समझ पाएंगे। आने वाले सालों में जब शनि का दक्षिणी ध्रुव पृथ्वी के सामने और साफ होगा, तब इस 10-भुज वाले तूफान के और भी राज खुलने की उम्मीद है।
