शहर

दिल्ली के बाद बुलंदशहर में दर्दनाक हादसा, अचानक भरभराकर गिरी जर्जर दीवार; दादी-पोती ने गंवाई जान

Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में रविवार को जर्जर दीवार गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें दादी और उनकी 12 वर्षीय पोती की मलबे में दबकर मौत हो गई। हादसा अनूपशहर थाना क्षेत्र के ऐंचोरा गांव में हुआ, जहां दोनों पुरानी दीवार के पास काम कर रही थीं। घटना की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।

Image

बुलंदशहर में दीवार ढहने से दादी-पोती की दर्दनाक मौत

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Bulandshahr News: एक तरफ जहां दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में पांच मंजिला इमारत के ढहने से बड़ा हादसा हो गया तो वहीं उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से भी एक दर्दनाक दुर्घटना सामने आया, जहां जर्जर मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे में दबने से दादी और उनकी 12 वर्षीय पोती की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 62 वर्षीय ओमवती और उनकी पोती कुमकुम के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तुरंत मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी जान जा चुकी थी। यह हादसा अनूपशहर थाना क्षेत्र के ऐंचोरा गांव में हुआ, जिससे पूरे इलाके में मातम छा गया।

अचानक कमजोर हो चुकी दीवार ढही

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि ओमवती और उनकी 12 वर्षीय पोती कुमकुम घर के पास स्थित एक पुरानी दीवार के पास काम कर रही थीं। अचानक कमजोर हो चुकी दीवार ढह गई और दोनों मलबे के नीचे दब गईं। दीवार गिरने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव में जुट गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान 62 वर्षीय ओमवती और उनकी 12 वर्षीय पोती कुमकुम के रूप में हुई है।

परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी देहात अंतरिक्ष जैन पुलिस टीम और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ऐंचोरा गांव पहुंचे। उनकी मौजूदगी में राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। मलबे को पूरी तरह हटाकर और उसकी जांच कर यह भी पुष्टि की गई कि वहां कोई अन्य व्यक्ति दबा हुआ नहीं है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, पुलिस की ओर से घटना की जांच की जा रही है। दादी और पोती की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि इस घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। प्रशासनिक अधिकारियों ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और नियमानुसार हर संभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article