आतंकी फंडिंग मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे यासीन मलिक ने एक सनसनीखेज दावा किया है। उसने कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने 2006 में लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के संस्थापक और 26/11 मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड आतंकवादी हाफिज सईद से मुलाकात के लिए उसे व्यक्तिगत रूप से धन्यवाद दिया था।
25 अगस्त को दिल्ली हाई कोर्ट में दाखिल लफनामे में, मलिक ने दावा किया कि 2006 में हुई यह मुलाकात उसकी स्वतंत्र पहल नहीं थी बल्कि पाकिस्तान के साथ गुप्त शांति प्रक्रिया के तहत वरिष्ठ भारतीय खुफिया अधिकारियों के निर्देश पर हुई थी।
यासिन मलिक ने कहा कि जहां तक 2006 में पाकिस्तान में हाफिज सईद के साथ मेरी मुलाकात का सवाल है, मैंने ट्रायल कोर्ट के जज को जानकारी दी थी कि मैं कश्मीर के दोनों हिस्सों में आए भूकंप के बाद पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) में मानवीय सहायता और राहत कार्य करने के लिए पाकिस्तान की यात्रा करने वाला था, जिसमें एक लाख से अधिक कश्मीरी मारे गए थे।
मुझसे हाफिज सईद से मिलने का किया गया था आग्रह: यासिन मलिक
यासीन मलिक ने अपने हलफनामे में कहा, "तत्कालीन विशेष निदेशक आईबी वीके जोशी ने मुझसे दिल्ली में मुलाकात की थी और मुझसे अनुरोध किया था कि मैं पाकिस्तान में राजनीतिक नेताओं से मिलूं और मैं पाकिस्तान के प्रधानमंत्री, हाफिज सईद और पाकिस्तान के अन्य आतंकवादियों के साथ बातचीत करूं। मलिक ने दावा किया है कि मुझे साफ तौर से बताया गया था कि पाकिस्तान के साथ बातचीत तब तक सार्थक नहीं हो सकती, जब तक कि आतंकवादी नेताओं को भी बातचीत में शामिल न किया जाए। उनके गुजारिश पर मैंने हाफिज सईद से मुलाकात की। पाकिस्तान में एक समारोह में हाफिज सईद और यूनाइटेड जिहाद काउंसिल के अन्य नेताओं से मैंने मुलाकात की।
मेरे बातचीत के बाद हाफिज सईद ने आतंकियों से बात की
यासीन मलिक ने अपने हलफनामे में बताया कि कैसे हाफिज सईद ने जिहादी समूहों का एक सम्मेलन आयोजित किया, जहां सईद ने एक भाषण दिया और आतंकवादियों से शांति की गुजारिश की। इस्लामी शिक्षाओं का हवाला देते हुए, उसने कहा कि हिंसा के बजाय सुलह पर जोर दिया जाए और इस बात पर जोर दिया, "अगर कोई आपको शांति की पेशकश करता है, तो उससे शांति खरीद लीजिए।"
बता दें कि भाजपा आईटी सेल के चीफ अमित मालवीय ने सोशल मीडिया पोस्ट में यासीन मलिक के द्वारा दाखिल किया गया एफिडेविट भी शामिल किया है. पोस्ट में उन्होंने लिखा, "टेरर-फंडिंग मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे जम्मू-कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (जेकेएलएफ) के आतंकवादी यासीन मलिक ने चौंकाने वाला दावा किया है।"
