क्रिकेट

द्रविड़ तो बस नाम है, खेलने का अंदाज तूफानी: अन्वय ने आर्यवीर को दिला दी 'सहवाग' की याद

भारतीय दिग्गज क्रिकेटर राहुल द्रविड़ के छोटे बेटे अन्वय द्रविड़ ने अंडर-19 क्रिकेट में धमाल मचा दिया है। वीनू मांकड़ ट्रॉफी में दिल्ली अंडर-19 के खिलाफ खेलते हुए अन्यव ने तूफानी पारी खेली और कर्नाटक टीम को 400 के पार पहुंचने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। 17 साल के अन्वय ने 41 गेंद पर नाबाद 85 रन की पारी तूफानी पारी खेली।

Image

अन्वय द्रविड़ ने वीनू मांकड़ ट्रॉफी में मचाया धमाल। फोटो- BCCI

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। अन्वय द्रविड़ ने वीनू मांकड़ ट्रॉफी में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा है। सोमवार को दिल्ली अंडर-19 के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 41 गेंद पर धुआंधार 85 रन बनाए, जिससे कर्नाटक ने 49 ओवर में चार विकेट पर 418 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। भारत के पूर्व कप्तान और हेड कोच राहुल द्रविड़ के छोटे बेटे, 17 वर्षीय अन्वय ने अपनी पारी के दौरान 207.32 के स्ट्राइक रेट से पांच छक्के और सात चौके जड़े।

अन्वय की यह पारी शनिवार को चंडीगढ़ के खिलाफ कर्नाटक की 100 रन की जीत में खेली गई 62 गेंद पर 104 रन की पारी के ठीक दो दिन बाद आई। विकेटकीपर-बल्लेबाज अन्वय कर्नाटक के लिए बेहतरीन प्रदर्शन करने वालों में से एक रहे हैं। उन्होंने कप्तान के तौर पर अपनी जिम्मेदारियों को आक्रामक अंदाज के साथ बखूबी निभाया है, जिससे उनके खेल में एक नया आयाम जुड़ा है।

अन्यव की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी

सोमवार को, ध्रुव कृष्णन द्वारा दिल्ली के गेंदबाजों की पिटाई करने के बाद अन्वय ने कर्नाटक के विशाल स्कोर को शानदार ढंग से आगे बढ़ाया। कृष्णन ने सिर्फ 51 गेंदों पर 103 रन बनाए और विशाखापत्तनम में कर्नाटक को 400 रन के आंकड़े के पार पहुंचाने के लिए मजबूत आधार तैयार किया।

घरेली क्रिकेट में उम्दा प्रदर्शन

घरेलू क्रिकेट में उनका प्रदर्शन उनके इंडिया अंडर-19 करियर की शानदार शुरुआत के बाद आया है। जुलाई में श्रीलंका के खिलाफ इंडिया के यूथ वनडे टूर के दौरान अन्वय ने अपनी छाप छोड़ी। उन्होंने हंबनटोटा में खेले गए दूसरे मैच में 67 गेंद पर 87 रन बनाए। इस पारी में नौ चौके और एक छक्का शामिल था।

सितंबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यूथ वनडे सीरीज में भी उन्होंने वही फॉर्म जारी रखी। राजकोट में बारिश से प्रभावित पहले मैच में, अन्वय ने सिर्फ 18 गेंद पर 38 रन बनाए। वीनू मांकड़ ट्रॉफी से अपने खेल को बेहतर बनाने का एक और मौका मिलने के साथ, अन्वय ने सीजन की अच्छी शुरुआत की है।

सहवाग के बेटे ने बनाए 32 रन

मैच की करें तो 419 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली अंडर-19 टीम ने खबर लिखे जाने तक 32 ओवर के बाद 5 विकेट के नुकसान पर 178 रन बना लिए थे। दिल्ली अंडर-19 टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग के कंधों पर है। आर्यवीर 35 गेंद पर 32 रन बनाकर आउट हो गए।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article