देश

CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने का प्रस्ताव विधानसभा में पास, राहुल गांधी के आक्रामक रुख के बीच देश के इस राज्य में बड़ा कदम

CEC Gyanesh Kumar Removal Resolution Passes: मतदाता सूचियों के SIR में कथित गड़बड़ियों को लेकर केरल विधानसभा ने सोमवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग वाला प्रस्ताव पारित किया। मुख्यमंत्री वी डी सतीशन द्वारा पेश किया गया यह देश में अपनी तरह का पहला प्रस्ताव माना जा रहा है।

Image

केरल विधानसभा में मुख्य निर्वाचन आयुक्त को हटाने की मांग वाला प्रस्ताव पारित (फाइल फोटो)

Photo : ANI

CEC Gyanesh Kumar Removal Resolution Passes: देशभर में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर जारी घमासान के बीच केरल विधानसभा ने एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। विधानसभा ने सोमवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग करते हुए एक विशेष प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित कर दिया।

गौरतलब है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) मुख्य निर्वाचन आयुक्त और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ लगातार आक्रामक आंदोलन की अगुवाई कर रहे हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री वी डी सतीशन द्वारा विधानसभा में पेश किया गया यह प्रस्ताव संभवतः देश में किसी राज्य विधानसभा द्वारा पारित ऐसा पहला प्रस्ताव बन गया है।

'SIR के तहत नाम काटे गए लोगों के नाम फिर से जोड़े जाएं'

प्रस्ताव के जरिए मतदाता सूची में संशोधन की मौजूदा प्रक्रिया पर गहरे सवाल उठाए गए हैं। इसमें कहा गया है कि पात्र और योग्य नागरिकों को मताधिकार से वंचित किया जा रहा है, जिससे निर्वाचन आयोग की स्वतंत्रता और निष्पक्षता पर गंभीर संशय पैदा हो गया है। केरल विधानसभा ने मांग की है कि एसआईआर प्रक्रिया की कथित गड़बड़ियों को तुरंत दूर किया जाए और जिन नागरिकों के नाम गलत तरीके से सूची से हटाए गए हैं, उन्हें तत्काल उनके अधिकार वापस दिए जाएं।

चयन समिति का पुनर्गठन जरूरी

इसके अलावा, इस प्रस्ताव में चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति के तरीके में भी बड़े बदलाव की वकालत की गई है। इसमें कहा गया है कि निर्वाचन आयोग की साख और स्वतंत्रता बहाल करने के लिए चयन समिति का पुनर्गठन जरूरी है। समिति में प्रधानमंत्री, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और भारत के प्रधान न्यायाधीश (CJI) को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाना चाहिए।

प्रस्ताव पारित होने के बाद मुख्यमंत्री सतीशन ने सोशल मीडिया पर अपनी बात रखते हुए कहा कि वोट देने का अधिकार हमारे लोकतंत्र की सबसे मजबूत नींव है। किसी भी संस्था को देश के नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों को चोट पहुँचाने की इजाजत नहीं दी जा सकती। उन्होंने जोर देकर कहा कि संविधान की रक्षा और स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव के पक्ष में केरल पूरी मजबूती के साथ खड़ा है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article