Delhi Metro: दिल्ली मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। राजधानी में सुरक्षा कारणों से बंद किए गए सभी मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट अब खोल दिए गए हैं। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने सेवा से जुड़ा अपडेट जारी करते हुए बताया कि दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी स्टेशनों पर प्रवेश और निकास की सुविधा बहाल कर दी गई है। इसके साथ ही संबंधित मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों को एक लाइन से दूसरी लाइन में जाने यानी इंटरचेंज की सुविधा भी उपलब्ध है। इससे यात्रियों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिलेगी।
क्यों बंद किए गए स्टेशन?
दरअसल, कांग्रेस के सुप्रीम कोर्ट तक प्रस्तावित विरोध मार्च को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था सख्त की गई थी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा संबंधी एहतियात के तहत दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने सोमवार को छह प्रमुख मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद रखने का निर्णय लिया था। इसके तहत सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक इन स्टेशनों पर यात्रियों को एंट्री और एग्जिट की सुविधा नहीं देने की घोषणा की गई थी।
इन छह मेट्रो स्टेशनों पर लागू थी पाबंदी
DMRC की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, जिन छह मेट्रो स्टेशनों के गेट बंद रखने का फैसला किया गया था, उनमें पटेल चौक, जनपथ, राजीव चौक, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय और बाराखंबा रोड मेट्रो स्टेशन शामिल थे। हालांकि, इस दौरान इन स्टेशनों पर मेट्रो की एक लाइन से दूसरी लाइन में जाने के लिए इंटरचेंज की सुविधा जारी रखी गई थी।
अब DMRC के ताजा अपडेट के अनुसार, सभी मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार खोल दिए गए हैं। इंटरचेंज सुविधा भी सामान्य रूप से उपलब्ध है। ऐसे में यात्रियों को इन स्टेशनों से मेट्रो में चढ़ने और बाहर निकलने की सुविधा फिर से मिल सकेगी। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि सफर के दौरान किसी भी नए अपडेट के लिए DMRC की आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखें।
