आज का मौसम (03 मई 2026 Aaj Ka Mausam): देशभर में मौसम ने आज अचानक करवट बदल ली है। नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर, मध्य और पश्चिम भारत के कई राज्यों में आंधी, तेज हवाएं और बारिश का दौर देखने को मिल रहा है। जिससे तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है और गर्मी से बड़ी राहत मिली है। दिल्ली-एनसीआर, यूपी, बिहार, हरियाणा, पंजाब और उत्तराखंड में आज सुबह से ही बादल छाए हुए हैं और कई जगहों पर आंधी चली और झमाझम बारिश भी दर्ज की गई है। राजस्थान के जयपुर और आसपास के इलाकों में भी तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। वहीं हरियाणा और पंजाब में चंडीगढ़, मोहाली, पंचकूला, अंबाला, जालंधर समेत कई जगहों पर सुबह धूल भरी आंधी चली। जिसके बाद तेज बारिश शुरू हो गई। उत्तराखंड के देहरादून में सुबह तेज बारिश के चलते दिन में ही अंधेरा छा गया। वहीं महाराष्ट्र समेत कुछ क्षेत्रों में अब भी भीषण गर्मी का असर बना हुआ है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक दिल्ली-यूपी समेत कई राज्यों में आंधी-बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है, जिससे मौसमी गतिविधियां और भी सक्रिय रहने की संभावना है।
दिल्ली में दो दिन बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में आज और कल बारिश का नया दौर देखने को मिल सकता है। दोनों दिन मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आज दोपहर में बादल आने और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 30 से 50 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। दिल्ली 4 मई को भी आंधी-बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
यूपी में नहीं थम रहा आंधी-बारिश का दौर
उत्तर प्रदेश में पिछले 4 दिनों से आंधी-बारिश का दौर जारी है। आज सुबह भी बारिश का सिलसिला देखने को मिला है। तड़के सुबह लखनऊ और अयोध्या में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। इस दौरान कहीं-कहीं बिजली भी कड़की। वहीं बस्ती, आजमगढ़, संत कबीरनगर और अंबेडकरनगर में रुक-रुक कर बारिश देखने को मिली। जिससे तापमान में गिरावट के साथ ही मौसम सुहावना हो गया। रविवार को कानपुर समेत प्रदेश के अधिकांश जिलों में आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और बीच-बीच में धूप के दर्शन भी हो रहे हैं। हालांकि ठंडी हवाओं के चलने से लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिली है। मौसम विभाग ने आज यूपी के 26 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कई इलाकों में बिजली गिरने की भी आशंका है। वहीं पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है।
उत्तराखंड में कहर बरपा रहा मौसम
उत्तराखंड में आज सुबह से ही मौसम कहर बरपा रहा है। रविवार सुबह देहरादून में काले बादलों के कारण अंधेरा छा गया और भारी बारिश भी हुई। इस दौरान कई जगह ओले भी गिरे। बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। वहीं हरिद्वार, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर में भी आज सुबह बारिश दर्ज की गई। उत्तरकाशी में गंगोत्री हाईवे पर अचानक तेज पानी का बहाव आने से लोगों को अपनी जान बचाकर भागना पड़ा। मौसम विभाग ने आज पूरे उत्तराखंड में येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान पहाड़ी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है और ऊंचाई वाले इलाको में बर्फबारी की संभावना है। साथ ही तेज हवाएं और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है।
एमपी में बारिश ने लगाया गर्मी पर ब्रेक
मध्य प्रदेश में बीते दिनों से जारी भीषण गर्मी के मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। शनिवार को भोपाल सहित 20 से अधिक जिलों में 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चली। साथ ही कहीं-कहीं बारिश और ओले भी गिरे। मौसम विभाग के अनुसार 6 मई तक एमपी में ऐसा ही मौसम बना रहने का पूर्वानुमान है। आज यहां 27 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जिनमें ग्वालियर, रीवा, सिंगरौली, जबलपुर, छिंदवाड़ा समेत कई जिले शामिल हैं। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट होने और गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
राजस्तान में आज सुबह से मौसम खराब
राजस्थान में भी आज सुबह से ही मौसम खराब बना हुआ है। राजधानी जयपुर और आसपास के इलाकों में सुबह से तेज हवाएं चल रही हैं, बादलों की गरज के साथ हल्की बारिश भी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने रविवार को राजस्थान के 11 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं शनिवार को जयपुर समेत कई जिलों में आंधी-बारिश हुई। इस दौरान तेज तूफान के कारण सैकड़ों पेड़ गिर गए और कई जगहों पर मकानों को भी क्षति हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है।
हिमाचल में तेज बारिश का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में रविवार को कई जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई। जिससे मौसम सुहावना हो गया, लेकिन लोगों को काफी समस्या भी हुई। मौसम विज्ञान केंद्र ने पहले ही भारी बारिश को लेकर चेतावनी दी थी। साथ ही किन्नौर और लाहुल-स्पीति को छोड़कर बाकी 10 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया था। इस दौरान तेज हवाएं और आंधी चलने की भी आशंका जताई गई है। आज सुबह शिमला, सोलन, देहरा और मंडी समेत कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक हिमाचल प्रदेश में मौसम खराब बना रहेगा और ज्यादातर इलाकों में बारिश के आसार हैं। कल प्रदेश के कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया।
महाराष्ट्र में सता रही भीषण गर्मी
एक ओर देश के कई भागों में झमाझम बारिश और आंधी का मौसम देखने को मिल रहा है। वहीं देश के कुछ हिस्सों में अब भी गर्मी का असर बरकरार है। महाराष्ट्र के वर्धा में सबसे गर्म जिला दर्ज किया गया, यहां का अधिकतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं चंद्रपुर, जैसलमेर और बाड़मेर में भी दिन का पारा 44 डिग्री के आसपास रहा। मौसम विभाग के अनुसार 4 मई को उत्तर भारत से लेकर पूर्व और दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश की संभावना है। इस दौरान पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 5 मई को भी कई राज्यों में आंधी-बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
