जम्मू : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने लद्दाख विश्वविद्यालय के छात्र संघ चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए आठ में से पांच सीटों पर जीत दर्ज की है। संगठन ने मंगलवार को चुनाव परिणामों की जानकारी दी। इस जीत के साथ ABVP ने छात्र संघ के प्रमुख पदों पर अपनी जगह बनाई है। गृह मंत्री अमित ने कहा कि ABVP के कार्यकर्ताओं को शानदार जीत हासिल करने पर बधाई। यह जीत विभाजनकारी और अराजक ताकतों के खिलाफ एक मजबूत संदेश है। इससे एक बार फिर साबित हुआ है कि देश की युवा पीढ़ी की पहली पसंद राष्ट्रवाद है। राष्ट्रवाद के प्रति अपना अटूट समर्थन जताने वाले देश के सभी देशभक्त युवाओं का हृदय से आभार।
ABVP के बयान के मुताबिक, दावा नामग्याल को छात्र संघ का अध्यक्ष चुना गया है। वहीं, त्सेरिंग यांगडोल को उपाध्यक्ष, स्टैनजिन रिग्डोल को महासचिव, राब्सकिट डोलमा को संयुक्त सचिव और तेनजिन त्सेवांग को खेल सचिव की जिम्मेदारी मिली है।
क्या बोले नेता
परिषद की जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख इकाई के सचिव सन्नक श्रीवत्स ने इस जीत पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम छात्र कल्याण, शैक्षणिक विकास और रचनात्मक नेतृत्व के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता में विद्यार्थियों के भरोसे को दिखाता है।
इस जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए संगठन से जुड़े एक बयान में कहा गया कि यह परिणाम युवाओं के बीच राष्ट्रवाद के प्रति समर्थन को दर्शाता है। साथ ही इसे विभाजनकारी और अराजक ताकतों के खिलाफ निर्णायक जीत बताया गया। ABVP ने चुनाव में मिली इस सफलता को कार्यकर्ताओं की मेहनत और विद्यार्थियों के समर्थन का परिणाम बताया है।
