शहर

Haryana Weather Today: हरियाणा में मौसम का रौद्र रूप! आंधी-बारिश से छाया सुबह-सुबह अंधेरा, 8 जिलों में अलर्ट जारी

हरियाणा का मौसम (हरियाणा में आज का मौसम कैसा रहेगा) 03 May 2026: हरियाणा में रविवार सुबह अचानक मौसम बदल गया और कई जिलों में तेज आंधी, धूलभरी हवाएं और बारिश का दौर शुरू हो गया। आज 8 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया।

Image

पंचकुला समेत हरियाणा के कई जिलों में बारिश

हरियाणा में आज का मौसम (03 May 2026): हरियाणा में आज सुबह मौसम ने अचानक रौद्र रूप ले लिया है। रविवार सुबह कई जिलों में अचानक मौसम बदल गया। अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर में आसमान में काले बादलों ने डेरा डाल लिया। जिससे सुबह 8 बजे के करीब घना अंधेरा छा गया। जिसके कारण जनजीवन पर बुरा प्रभाव पड़ा। सुबह के समय लोगों को आवाजाही में काफी समस्या हुई। सड़कों पर गाड़ियों की हेडलाइट ऑन नजर आई। साथ ही कई जगहों पर बारिशजनित घटनाएं भी सामने आईं। मौसम विभाग के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के प्रभाव से दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, बिहार समेत कई राज्यों में मौसम बिगड़ गया है। जिसके चलते आज आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

हरियाणा के 8 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा में आज 8 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट है। जिसमें गुरुग्राम, रेवाड़ी, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, महेंद्रगढ़, पंचकूला और यमुनानगर शामिल हैं। इस दौरान तेज हवाओं के साथ ही हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है और बिजली गिरने की भी आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार 7-8 मई तक हरियाणा का मौसम बिगड़ा रहने का अनुमान है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश होने और आंधी चलने की संभावना है। 4 और 5 मई को बारिश के साथ ओले गिरने की भी संभावना है। जिसके चलते तापमान में भी काफी गिरावट आने के आसार हैं।

अंबाला-यमुनानगर में छाया धूल का गुबार

हरियाणा के अंबाला और यमुनानगर में आज सुबह तेज आंधी चली और धूल का गुबार छाने से सुबह के समय अंधेरा छा गया। जिससे लोगों को आवाजाही में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। अंबाला में हवाओं की रफ्तार करीब 40 किमी प्रति घंटे तक रही। जिसके कारण कई घरों की छतों पर रखा सामान भी उड़ने लगा। आंधी के बाद कुछ ही समय में बारिश भी शुरू हो गई। जिससे तापमान में गिरावट के साथ मौसम भी ठंडा हो गया। यमुनानगर में भी ऐसा ही मौसम देखने को मिला। यहां भी धूल का गुबार छाने से विजिबिलिटी जीरो के करीब पहुंच गई। आसमान में बादल छाने से इतना अंधेरा छा गया कि लोगों को वाहनों की लाइन ऑन करनी पड़ी। यहां भी आंधी के कुछ देर बाद तेज बारिश शुरू हो गई।

पंचकूला में आंधी-तूफान, मोहाली में गिरा पेड़

पंचकूला में भी अचानक मौसम ने करवट बदल ली तेज आंधी-तूफान का रूप ले लिया। करीब 60–70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से यहां हवाएं चली। जिसके कारण सुबह 8 बजे ही अंधेरा छा गया और काले बादलों ने पूरे शहर को ढक लिया। इसके साथ ही बारिश भी शुरू हो गई। वहीं मोहाली के फेज-7 में तेज आंधी चलने से एक बड़ा बरगद का पेड़ जड़ से उखड़ गया, जिसके कारण पास स्थित एक मंदिर की चारदीवारी और कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। सड़क पर पेड़ गिरने से यातायात भी प्रभावित हुआ।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article