देश

मणिपुर में देर रात भड़की हिंसा, 300-400 लोगों ने SP कार्यालय पर बोला हमला, कई गाड़ियों में आगजनी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 16, 2024, 11:29 AM IST

Manipur Violence News: करीब 300-400 लोगों ने कार्यालयों में घुसकर वाहनों को आग लगा दी और तोड़फोड़ की। प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए कई आंसू गैस के गोले दागे। पुलिस का कहना है कि यहां हालात नाजुक बने हुए हैं।

Image

मणिपुर में हिंसा

Photo : Twitter

Manipur Violence News: मणिपुर में एक बार फिर हिंसा भड़क उठी। यहां चुराचांदपुर में गुरुवार रात भीड़ ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) और उपायुक्त (डीसी) कार्यालयों पर हमला किया। पुलिस के मुताबिक, करीब 300-400 लोगों ने कार्यालयों में घुसकर वाहनों को आग लगा दी और तोड़फोड़ की। यह घटना ऐसे समय में हुई जब जिला पुलिस के एक हेड कांस्टेबल को एक वीडियो में कथित तौर पर हथियारबंद लोगों के साथ देखे जाने के बाद निलंबित कर दिया गया है।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि सुरक्षा बलों द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली कई बसों और ट्रकों को प्रदर्शनकारियों ने जला दिया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए कई आंसू गैस के गोले दागे। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बल हालात पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं। अधिकारी ने कहा कि स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है।

एक की मौत, 30 घायल

प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 30 से अधिक लोग घायल हो गए। एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा, एसपी शिवानंद सुर्वे द्वारा जारी निलंबन आदेश विभिन्न सोशल मीडिया समूहों में वायरल होने के तुरंत बाद शाम करीब 7.40 बजे चुराचांदपुर एसपी कार्यालय के सामने भीड़ जुट गई। इससे पहले, मणिपुर पुलिस ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, लगभग 300-400 लोगों की संख्या की भीड़ ने आज पुलिस अधीक्षक के कार्यालय पर हमला करने की कोशिश की और पथराव किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए त्वरित कार्रवाई बल (आरएएफ) सहित अन्य सुरक्षा बल आंसू गैस के गोले दागकर भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं। स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

हेड कांस्टेबल के खिलाफ विभाजीय जांच के आदेश

चुराचांदपुर के एसपी शिवानंद सुर्वे ने हेड कांस्टेबल सियामलालपॉल को अगले आदेश तक तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस ने अपने आदेश में कहा, अनुशासित पुलिस बल का सदस्य होने के नाते यह अत्यंत गंभीर कदाचार के समान है। चुराचांदपुर जिला पुलिस के सियामलालपॉल के खिलाफ विभागीय जांच पर भी विचार किया जा रहा है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article