Times Now नवभारत के मंच पर उत्तराखंड CM पुष्कर धामी ने कहा- केवल सरकारी नौकरियों से कम नहीं होगी बेरोजगारी, स्वरोजगार पर है जोर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 22, 2021, 09:03 PM IST

Times Now Navbharat Navnirman Manch Uttarakhand Conclave: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा है कि मोदी जी के नेतृत्व में हर रिकॉर्ड टूटा है, इस बार उत्तराखंड में भी टूटेगा और हम सरकार में वापस आएंगे।

Times Now Navbharat Navnirman Manch Uttarakhand: उत्तराखंड में टाइम्स नाउ नवभारत के 'नवभारत नवनिर्माण मंच' पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जुड़े। यहां उन्होंने कहा कि मुझे समय कम मिला, लेकिन जितना भी मिला मैंने पूरी कोशिश की। मैंने कोई कोताही नहीं बरती। उत्तराखंड की सेवा में लगा हुआ हूं। कई योजनाओं पर शासनादेश के साथ-साथ काम भी शुरू हो गया है। हम लगातार काम कर रहे हैं। 1 लाख करोड़ की योजनाएं 5 साल में प्रदेश के लिए स्वीकृत हुई हैं। हमारी भावनाएं जनता समझती है। टाइम्स नाउ नवभारत की एडिटर इन चीफ नाविका कुमार ने उनसे खास बातचीत की।

प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी पर उन्होंने कहा कि हम रोजगार को लेकर सजग हैं, सरकारी पदों पर नियुक्तियों की प्रक्रिया जारी है। सभी खाली पदों को भरा जाएगा। बेरोजगारी बहुत है और ये चली आ रही है। सिर्फ सरकारी नौकरियों से ये खत्म नहीं होगी। हमने कई योजनाएं निकाली हैं, हम लोगों को स्वरोजगार देना चाहते हैं। रोजगार के मेले लगा रहे हैं, हमारी कोशिश है कि सिर्फ लोगों को रोजगार न मिले, वो रोजगार देने वाले बनें। हम जमीन पर ठोस काम कर रहे हैं। हमने अगले 10 साल को रोडमैप बनाया है। जब राज्य 25 साल का हो जाए तब हम अग्रणी राज्यों में आ जाएं, इस ओर हम काम कर रहे हैं। बैंकों से लोन देने पर बातचीत कर रहे हैं। आने वाला  दशक है उत्तराखंड का हो इस पर हमारा ध्यान है। हमारा ध्यान 2022 पर नहीं 2025 पर है। 

हमारी पार्टी ने नारा दिया है- अबकी बार 60 पार

हाथ में लगी चोट के बारे में उन्होंने कहा कि कल एक मैच के दौरान रन लेते समय मैं फिसल गया और चोट लग गई, लेकिन मैंने पूरा मैच खेला। बाद में एक्सरे हुआ उसके बाद ये प्लास्टर लग गया। लेकिन काम करना जारी है। धामी ने कहा कि 5 महीनों में जिस तरीके से काम किया है,और साढ़े चार साल में भी हमारी सरकार ने खूब काम किया। मोदी सरकार लगातार रिकॉर्ड बना रही है, तो इस बार भी रिकॉर्ड टूटेंगे। पीएम के मार्गदर्शन में आगे बढ़ रहे हैं। उत्तराखंड आगे बढ़ रहा है। इस बार हमारी पार्टी ने नारा दिया है- अबकी बार 60 पार। मैं पूरे उत्तराखंड में जा रहा हूं, हर कोई आशीर्वाद दे रहा है। यहां की जनता हमें पिछली बार से ज्यादा बहुमत देने वाली है। डबल इंजन की सरकार से हर क्षेत्र में काम हुआ है। 

उत्तराखंड के लोग राष्ट्रवादी, AAP के झांसे में नहीं आएंगे

सीएम ने राहुल गांधी की रैली पर कहा कि उनकी रैली घिसी पिटी थी, उसमें कोई विजन नहीं था। उत्तराखंड की बात नहीं थी। शहीदों के पोस्टर लगाए गए थे। लोगों को लाना कोई बड़ी बात नहीं है। वहीं हरीश रावत के ट्वीट पर उन्होंने कहा कि उनका इशारा अपनी पार्टी के लोगों पर होगा। उनकी पार्टी में लड़ाई चल रही है। कांग्रेस पार्टी कहीं खड़ी ही नहीं है, वहां कई गिरोह हैं। आम आदमी पार्टी पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोग राष्ट्रवादी हैं, उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाए। वो सिर्फ चुनाव को लेकर बात कर रहे हैं। यहां चुनावी घोषणाएं नहीं चलेंगी। हमारा ध्यान विकास पर है और उनका चुनाव पर है। 

बार-बार मुख्यमंत्री बदलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि कई बार राजनीतिक दलों में ऐसे फैसले लेने पड़ते हैं। त्रिवेंद्र सिंह रावत और तीरथ सिंह रावत ने उस फैसले को स्वीकार किया। हम भी उनके काम को आगे बढ़ा रहे हैं, सरकार वही है, बस चेहरा बदला है। जो काम छूट गए हैं, हम वो भी कर रहे हैं। 

कांग्रेस पर कोई मुद्दा नहीं

देवस्थानम एक्ट के सवाल पर धामी ने कहा कि देवस्थानम एक्ट सबकी सहमति से वापस लिया गया। संत समाज के लोगों की राय ली गई। हमारी सरकारों ने धार्मिक संस्थानों को आगे बढ़ाना का काम किया है। जबसे मोदी जी प्रधानमंत्री बने हैं, तब से केदारधाम में जो काम हुआ, वो कभी नहीं हुआ। आज नई केदारपुरी बन गई है। हमारी पीएम की वजह से भव्य और दिव्य काशी बन गई है। बद्रीनाथ का भी मास्टर प्लान तैयार हो गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पर कोई मुद्दा नहीं है। मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने के बाद कई लोग धर्म मानने को मजबूर हुए हैं, जनेऊ पहन रहे हैं। हम अपनी आस्था छिपाते नहीं है। पीएम मोदी के गंगा जी में स्नान पर सवाल उठाए गए। राहुल गांधी और उनके परिवार ने हमेशा तुष्टिकरण की राजनीति की है। हमारी योजनाएं किसी एक धर्म या एक वर्ग के लिए नहीं हैं। उज्जवला योजना, आवास योजना और आयुष्मान योजना का लाभ सबको मिला। सबका साथ, सबका विकास के साथ मोदी जी आगे बढ़ रहे हैं।

वहीं भू-खनन कानून के सवाल पर धामी ने कहा कि इस पर जो कमेटी बनी उसकी रिपोर्ट आनी बाकी है। जो भी जरूरी होगा, वो फैसला लिया जाएगा। जब उचित समय होगा तब फैसला लिया जाएगा। उत्तराखंड और यहां के लोगों के हितों को देखते हुए फैसला लिया जाएगा। 

पीएम मोदी ने देश का वर्क कल्चर बदल दिया

इसके अलावा उन्होंने बताया कि 5 महीने पहले जब उन्हें मुख्यमंत्री बनाया गया तो उन्हें सीएम बनने की जानकारी तब मिली जब विधायक दल की बैठक हुई। ऐसा किसी और पार्टी में संभव नहीं है। ये नेतृत्व का अपने कार्यकर्ता पर विश्वास था। पीएम मोदी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री कर्मयोगी है। उनसे हमेशा प्रेरणा मिलती है। बनारस में उनकी मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों के साथ बैठक होनी थी जो 8 बजे से 9:30 तक चलनी थी, लेकिन ये बैठक 1 बजे तक चली। उसके बाद वो बोले कि उनका एक और कार्यक्रम है। वो वहां चल रहीं योजनाएं को देखने चले गए। हम उनसे सीखते हैं। पीएम के आने से वर्क कल्चर बदला है। अब सबको काम करना पड़ेगा। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!