AAP के CM उम्मीदवार अजय कोटियाल बोले-लोगों का समर्थन मिलता देख परेशान हैं BJP-कांग्रेस  

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 22, 2021, 06:10 PM IST

Times Now Navbharat Navnirman Manch Uttarakhand Conclave: त्रिशंकु स्थिति बनने पर क्या आम आदमी पार्टी कांग्रेस को समर्थन देगी? इस सवाल पर AAP के नेता ने कहा कि त्रिशंकु स्थिति बनने पर हम दोबारा चुनाव में जाएंगे। चुनाव अगर दोबारा हुआ तो फिर हमें भाजपा और कांग्रेस नहीं रोक पाएंगी।

Times Now Navbharat Navnirman Manch Uttarakhand : उत्तराखंड की जनता आम आदमी पार्टी में भरोसा जता रही है। पूरे राज्य में लोगों का समर्थन पार्टी को मिल रहा है। इस समर्थन को देख भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियां परेशान हैं। यह बात उत्तराखंड में AAP के सीएम पद के उम्मीदवार कर्नल (रिटायर्ड) अजय कोटियाल ने कही। टाउम्स नाउ नवभारत के 'नवनिर्माण नवभारत मंच उत्तराखंड' कॉन्क्लेव  में कोटियाल ने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद यदि त्रिशंकु स्थिति बनती है तो उनकी पार्टी फिर से चुनाव में जाएगी और अपने लिए लोगों से स्पष्ट बहुमत की मांग करेगी। टाइम्सनाउ नवभारत के सीनियर एडिटर अंकित त्यागी के साथ बातचीत में कोटियाल ने कहा कि 
आम आदमी पार्टी केवल राजनीतिक पार्टी नहीं है, यह आंदोलन से निकली है।  

इस सवाल पर कि आम आदमी पार्टी राज्यों में लोगों को मुफ्त बिजली का सपना दिखाकर सत्ता में आना चाहती है, कोटियाल ने कहा कि जनता इस देश की है। सरकार को जनता ने चुना है। इसलिए सरकार को लोगों की जरूरतें पूरी करनी चाहिए। उत्तराखंड में महिलाएं, युवाओं को प्रेरित करना जरूरी है। हम युवाओं को नौकरी देने के लिए छह लाख पद सृजित करेंगे। तब तक हमने युवाओं को हर महीने पांच हजार रुपए देने का वादा किया है। 

उत्तराखंड में इस बार सियासी त्रिकोण, भू-कानून पर BJP, कांग्रेस और AAP में जोरदार बहस 

रिटायर्ड कर्नल ने कहा कि आप ने दिल्ली में चुनाव लड़ा। पहली बार हमें कम सीटें मिलीं लेकिन बाद में जनता ने हम पर भरोसा किया। बाद के चुनाव में हमें पूर्ण बहुमत मिला। जनता पहले आपको समझती है और फिर मौका देती है। फ्री बिजली की हमारी घोषणा से भाजपा और कांग्रेस परेशान हैं। 

'बच्चों-महिलाओं के खिलाफ अपराध में कहीं ना कहीं सोशल मीडिया का भी रोल'- उत्तराखंड DGP

त्रिशंकु स्थिति बनने पर क्या आप पार्टी कांग्रेस को समर्थन देगी? इस सवाल पर AAP के नेता ने कहा कि त्रिशंकु स्थिति बनने पर हम दोबारा चुनाव में जाएंगे। चुनाव अगर दोबारा हुआ तो फिर हमें भाजपा और कांग्रेस नहीं रोक पाएंगी। हम कर्म की राजनीति करके दिखाएंगे। कांग्रेस हारी हुई पार्टी है। हमें भाजपा को हटाना है। हमारी टक्कर भाजपा से है। हरीश रावत जी को देखकर हमें दुख हो रहा है। रावत जी कद्दावर एवं विजन वाले नेता हैं। इतने वरिष्ठ नेता को कांग्रेस ने इस हालत में पहुंचा दिया है। भाजपा और कांग्रेस को बगावत का डर है। इसलिए वे सीएम पद के लिए चेहरे घोषित नहीं करेंगे। उत्तराखंड में कई सर्वे हुए हैं। सर्वे में कहा गया है कि हमें चुनाव में 20 से 22 प्रतिशत वोट मिलेगा। इससे भाजपा और कांग्रेस दोनों चिंतित हैं।

End of Article