Delhi Metro: दिल्ली में परिवहन की रीढ़ दिल्ली मेट्रो लगातार नए कीर्तिमान बना रहा है। कुल 416 किलोमीटर में फैले नेटवर्क पर संचालित मेट्रो सेवाओं के जरिए रोजाना लाखों की संख्या में यात्री अपने गंतव्य तक पहुंचते हैं। इससे न सिर्फ यात्रियों का समय और पैसा बचता है, बल्कि दिल्ली मेट्रो को भी बड़ा मुनाफा होता है। अमूमन एक दिन में 65 लाख यात्री सफर करते हैं, लेकिन 17 सितंबर 2026 गुरुवार को मेट्रो ने अबतक के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। DMRC की रिपोर्ट के मुताबिक, इस दिन 84 लाख से अधिक यात्रियों ने सफर किया, जो अबतक का सबसे ज्यादा है।
दिल्ली मेट्रो ने 'एक्स' पर बताया कि 17 सितंबर मेट्रो के 24 साल के करियर का सबसे अहम दिन रहा है। इस दिन 416 किलोमीटर के दायरे में बिछी 12 लाइनों और 303 स्टेशनों के जरिए 84, 44, 903 लोगों ने मेट्रो सेवा का लाभ लिया। इस दौरान मेट्रो सेवाओं की संख्या में इजाफा भी किया गया, जिससे मेट्रो के रेवेन्यू पर बड़ा इजाफा दर्ज किया गया होगा।
क्यों बना रिकॉर्ड
दरअसल, पिछले चार दिनों दिल्ली में डीटीसी इलेक्ट्रिक बस चालकों की हड़ताल के चलते यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाए रखने के लिए मेट्रो ने मेगा प्लान तैयार किया है, जिसके तहत मेट्रो ट्रेनों की संख्या में इजाफा किया है। खासकर, यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पीक ऑवर्स यानी सुबह-शाम ऑफिस टाइमिंग के दौरान सेवाएं बढ़ाई गईं। मेट्रो की मानें तो कुल 8 सेवाओं का इजाफा किया और पूरे नेटवर्क पर 20 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप बढ़ाई गईं, जिससे बड़ी संख्या में डीटीसी से सफर करने वाले यात्रियों ने भी मेट्रो के जरिए सफर तय किया। ऐसे में आम दिनों के मुकाबले यात्रियों की संख्या में बड़ा इजाफा रिकॉर्ड किया गया।
दिल्ली मेट्रो की मुख्य 12 लाइनें हैं-
- रेड लाइन
- येलो लाइन
- ब्लू लाइन
- ग्रीन लाइन
- पिंक लाइन
- मैजेंटा लाइन
- वायलेट लाइन
- ग्रे लाइन
- एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन
- एक्वा लाइन
- रैपिड मेट्रो
- गोल्डन लाइन
