देश

बारुईपुर दुष्कर्म-हत्या मामले पर बंगाल में सियासी घमासान, ममता बनर्जी के आवास के बाहर सुरक्षा तैनात; TMC ने लगाए गंभीर आरोप

Baruipur Rape Case: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में एक नाबालिग लड़की के कथित दुष्कर्म और हत्या के मामले को लेकर रविवार को राजनीतिक घमासान मचा हुआ है।

Image

ममता बनर्जी के घर के बाद सुरक्षाकर्मी तैनात (फोटो साभार: @derekobrienmp)

Photo : Twitter

Baruipur Rape Case: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में एक नाबालिग लड़की के कथित दुष्कर्म और हत्या के मामले को लेकर रविवार को राजनीतिक घमासान मचा हुआ है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के आवास के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किए गए है, ताकि ममता बनर्जी पीड़ित परिवार से मिलने न जा सकें।

TMC नेता ने लगाए गंभीर आरोप

टीएमसी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद डेरेक ओ'ब्रायन ने दावा किया कि ममता बनर्जी के आवास के बाहर संकरी गली में जानबूझकर 10 से अधिक पुलिस वाहनों को तैनात किया गया था ताकि उनकी आवाजाही को रोका जा सके।

उन्होंने 'एक्स' पर तस्वीरें साझा करते हुए दावा किया, ''घंटों से, 10 से अधिक पुलिस वाहन जानबूझकर ममता बनर्जी के आवास के बाहर संकरी गली में खड़े हैं। यह एक शातिर चाल है, ताकि गली को जाम किया जा सके और उन्हें बारुईपुर में पीड़िता के परिवार से मिलने के लिए घर से बाहर निकलने से रोका जा सके।''

'केंद्रीय बलों को क्यों किया जा रहा तैनात'

डेरेक ओ'ब्रायन ने एक अन्य पोस्ट में कहा, ''कालीघाट में ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के घरों के बाहर उसी गली से चौंकाने वाली तस्वीरें सामने आई हैं। आवाजाही को प्रतिबंधित करने और उन्हें उनके घरों में कैद करने के लिए केंद्रीय बलों को क्यों तैनात किया जा रहा है? अभी रूट मार्च हो रहा है। जबरदस्ती रोक रहे हैं!"

क्या है पूरा मामला?

बारुईपुर इलाके में 11 साल की नाबालिग लड़की की कथित दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला सामने आया। पुलिस ने रविवार को लड़की का शव बोरी से बरामद किया। इसके बाद भीड़ ने दुष्कर्म और हत्या के आरोप में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है।

CM ने पीड़ित परिवार से की बात

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी सोमवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सकते हैं। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार से फोन पर बात की है और उन्हें भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी और उन्हें कानून के मुताबिक सजा दी जाएगी। पुलिस ने बताया कि लड़की की मौत के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article