शहर

14 साल के हैकर ने अग्निवीरों के डेटा में लगाई सेंध! 500 डॉलर में बेचने की थी तैयारी, दिल्ली पुलिस ने पकड़ा

शुरुआती जांच में सामने आया है कि वेबसाइट से जानकारी हासिल करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स का इस्तेमाल किया गया हो सकता है। हालांकि,वेबसाइट में सेंधमारी का असली तरीका अभी पता नहीं चल सका है, पुलिस इसे लेकर जांच कर रही है।

Image

14 साल के हैकर ने अग्निवीरों के डेटा में लगाई सेंध

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 14 साल के नाबालिग हैकर को पकड़ा है। आरोप है वह अग्निवीरों से जुड़ा संवेदनशील डेटा कथित तौर पर हैक कर डार्क वेब पर बेचने की कोशिश में था। पुलिस ने बताया कि आरोपी हरियाणा के बल्लभगढ़ का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, उसने करीब 4,000 अग्निवीरों का निजी डेटा हासिल करने के बाद उसे 500 अमेरिकी डॉलर में बेचने के लिए डार्क वेब पर विज्ञापन दिया था।

जांच अधिकारियों के अनुसार, नाबालिग एक टेस्ट वेबसाइट में अनाधिकृत तरीके से घुस गया था। यह वेबसाइट पूर्व अग्निवीरों के रजिस्ट्रेशन और दूसरे सरकारी विभागों में रोजगार के अवसर तलाशने के लिए तैयार की गई थी। वेबसाइट तक पहुंच बनाने के बाद उसने कथित तौर पर वहां से जानकारी निकाली और उसे बेचने की पेशकश की।

हैकिंग में AI टूल के इस्तेमाल का शक

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि वेबसाइट से जानकारी हासिल करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स का इस्तेमाल किया गया हो सकता है। हालांकि,वेबसाइट में सेंधमारी का असली तरीका अभी पता नहीं चल सका है, पुलिस इसे लेकर जांच कर रही है। दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (IFSO) यूनिट ने नाबालिग के डिजिटल उपकरणों से डेटा बरामद किया है। अब जांच की जा रही है कि बरामद जानकारी वास्तविक है या नहीं और कथित डेटा लीक का दायरा कितना बड़ा है।

गृह मंत्रालय से मांगा अग्निवीरों का आधिकारिक डेटाबेस

डेटा की प्रमाणिकता की जांच के लिए दिल्ली पुलिस ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर अग्निवीरों का आधिकारिक डेटाबेस मांगा है। पुलिस इस डेटाबेस का मिलान बरामद जानकारी से करेगी। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या किसी तीसरे पक्ष ने इस डेटा को खरीदा या हासिल किया है।

अधिकारियों के मुताबिक, नाबालिग से कानून के प्रावधानों के तहत पूछताछ की गई। शुरुआती पूछताछ के बाद उसे उसके परिवार को सौंप दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

क्या है अग्निपथ योजना?

केंद्र सरकार ने जून 2022 में सशस्त्र बलों में भर्ती के लिए अग्निपथ योजना शुरू की थी। इसके तहत सेना, नौसेना और वायुसेना में चार साल के कार्यकाल के लिए अग्निवीरों की भर्ती की जाती है। चयनित युवाओं को सैन्य प्रशिक्षण देने के बाद संबंधित सेवाओं में तैनात किया जाता है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article