देश

चीनी CCTV से पाकिस्तान को लाइव फुटेज, पंजाब में ISI के दो जासूसी मॉड्यूल का भंडाफोड़; तीन गिरफ्तार, कई सामान बरामद

Punjab Spy Module Busted: पंजाब पुलिस ने आईएसआई से जुड़े दो जासूसी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है, जो चीनी सीसीटीवी कैमरों के जरिए संवेदनशील जगहों की लाइव फुटेज पाकिस्तान भेज रहे थे।

Punjab Spy Module Busted: पंजाब में सुरक्षा एजेंसियों को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने आईएसआई (Punjab ISI News) से जुड़े दो जासूसी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है, जो संवेदनशील जगहों की जानकारी पाकिस्तान तक पहुंचा रहे थे। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में पता चला कि आरोपी हाई-टेक चीनी सीसीटीवी कैमरों का इस्तेमाल कर रहे थे। ये कैमरे सिम कार्ड और सोलर पावर से चलते थे, जिससे इन्हें कहीं भी आसानी से लगाया जा सकता था। इन कैमरों के जरिए आरोपी सेना से जुड़े इलाकों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की लाइव फुटेज मोबाइल ऐप के माध्यम से पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों को भेज रहे थे।

जालंधर और कपूरथला से सामने आया मामला

पहला मामला जालंधर से सामने आया, जहां काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने सुखविंदर सिंह उर्फ सुखा को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक 4जी सिम वाला कैमरा, सोलर प्लेट और सिम कार्ड बरामद हुआ। वहीं, दूसरे मामले में कपूरथला पुलिस ने एक केंद्रीय एजेंसी के साथ मिलकर सोना और संदीप सिंह नाम के दो आरोपियों को पकड़ा। इनके पास से चार मोबाइल फोन, एक सिम-आधारित कैमरा और वाई-फाई डिवाइस मिला है। पुलिस के अनुसार, आरोपी खास तौर पर सेना के कैंप और अन्य संवेदनशील जगहों के पास कैमरे लगाने की कोशिश कर रहे थे। इसके लिए उन्होंने एक दुकान किराए पर ली थी और पास के खंभे पर कैमरा लगाने की योजना बनाई थी।

पुलिस ने मामले में गंभीर धाराओं के तहत दर्ज किया केस

जांच में यह भी सामने आया कि पाकिस्तान में बैठे एक व्यक्ति, जिसे 'फौजी' कहा जा रहा है, ने कैमरा लगाने के लिए आरोपियों को पैसे दिए थे। इसके अलावा, एक आरोपी का नाम ड्रग तस्करी से भी जुड़ा पाया गया है। बताया जा रहा है कि उसने पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजी गई हेरोइन की सप्लाई में भी भूमिका निभाई थी। पुलिस ने इस मामले में गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से एक बड़े खतरे को समय रहते टाल दिया गया है। यह मामला दिखाता है कि देश की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहना कितना जरूरी है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article