देश

'SIR के बाद 728 में से सिर्फ एक वोटर बचा', राहुल गांधी ने SDM को लगाया फोन, बोले- बेला एस्टेट में 727 के काटे गए नाम

Delhi SIR Row: दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर सवाल उठाए।

Image

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (फोटो साभार: @RahulGandhi)

Photo : Twitter

Delhi SIR Row: दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर सवाल उठाए। राहुल गांधी ने दावा किया कि यमुना किनारे स्थित बेला एस्टेट में रहने वाले 728 लोगों में से एसआईआर के बाद वोटर लिस्ट में सिर्फ एक नाम बचा है।

राहुल गांधी ने सोमवार को बेला एस्टेट पहुंचकर वहां रहने वाले लोगों से बातचीत की और मतदाता सूची में उनके नाम को लेकर जानकारी ली। उन्होंने दावा किया कि इलाके में रहने वाले 727 लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए हैं।

क्या कुछ बोले राहुल गांधी?

रायबरेली सांसद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर बेला एस्टेट में रह रहे लोगों के साथ मुलाकात का वीडियो भी साझा किया। उन्होंने कहा, ''यमुना किनारे बेला एस्टेट में 728 लोग रहते हैं। एसआईआर के बाद वोटर लिस्ट में सिर्फ एक नाम बचा- बाकी 727 नाम काट दिए गए। ये लोग दशकों से यहां रह रहे हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव और 2025 के दिल्ली चुनावों में वोट डाल चुके हैं। 2023 में इनके घर तोड़ दिए गए थे- पर ये कहीं नहीं गए, यहीं हैं।''

राहुल ने SDM को लगाया फोन

उन्होंने कहा कि आज मैं इनकी झुग्गी में गया और सीधे इन्हीं से सुना कि चुनाव आयोग ने इनके साथ क्या किया है। इस दौरान, राहुल गांधी ने एसडीएम से फोन पर बात की। उन्होंने कहा, ''एसडीएम से फोन पर मैंने यही कहा- मकान होने या न होने का वोट के अधिकार से कोई रिश्ता नहीं है। खुद मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार कह चुके हैं कि हाउस नंबर 0, बेघरों के लिए है। फिर भी 727 लोगों का नाम काट दिया गया।''

राहुल गांधी ने आगे कहा, ''यह एसआईआर नहीं - यह वोट चोरी का तरीका है। जिनके पास पहले ही सबसे कम है, उनसे उनकी इकलौती ताकत छीनी जा रही है। ज्ञानेश कुमार तो जाएंगे। पर जिस सिस्टम ने उनसे यह करवाया, उसका हिसाब भी होगा।''

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article