देश

पीएम मोदी कल कोलकाता में करेंगे संयुक्त कमांडर सम्मेलन 2025 का उद्घाटन, सशस्त्र बलों के आधुनिकीकरण पर होगा मंथन

प्रधानमंत्री कल कोलकाता में संयुक्त कमांडर्स सम्मेलन 2025 का उद्घाटन करेंगे, जिसमें सुधार, परिवर्तन और परिचालन तैयारी पर चर्चा होगी। सम्मेलन में सशस्त्र बलों के आधुनिकीकरण और रणनीतिक मजबूती पर उच्चस्तरीय मंथन होगा।

Image

प्रधानमंत्री मोदी करेंगे कोलकाता में संयुक्त कमांडर्स सम्मेलन 2025 का उद्घाटन (Photo- PTI)

PM Modi in Kolkata: कोलकाता में 15 से 17 सितंबर तक होने वाले संयुक्त कमांडर्स सम्मेलन (CCC) 2025 में देश के शीर्ष सैन्य और नागरिक नेतृत्व एक साथ आएंगे। इस साल का थीम है ‘वर्ष 2025: सुधारों का वर्ष - भविष्य के लिए परिवर्तन’, जो सशस्त्र बलों में संस्थागत सुधार, गहन एकीकरण और तकनीकी आधुनिकीकरण पर फोकस को दर्शाता है।

रक्षा मंत्री, NSA भी रहेंगे मौजूद

सम्मेलन का उद्घाटन प्रधानमंत्री करेंगे। इसके अलावा इसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल, रक्षा राज्य मंत्री, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ, रक्षा सचिव और विभिन्न मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। तीनों सेनाओं और इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ के शीर्ष अधिकारी भी इसमें हिस्सा लेंगे।

भविष्य की तैयारियों पर जोर

CCC 2025 के केंद्र में सुधार, परिवर्तन और परिचालन तैयारी पर चर्चा होगी, ताकि सशस्त्र बलों को बदलते भू-राजनीतिक परिदृश्य के अनुसार और ज्यादा फुर्तीला, निर्णायक और भविष्य के लिए तैयार बनाया जा सके।

सम्मेलन की परंपरा के अनुरूप, इसमें विभिन्न रैंकों के अधिकारियों और कर्मियों के साथ इंटरैक्टिव सत्र भी होंगे, जिससे जमीनी हकीकत और फील्ड लेवल के अनुभव उच्च स्तरीय चर्चाओं को और समृद्ध करेंगे।

देश के सशस्त्र बलों के लिए यह सर्वोच्च मंथन मंच है, जो परिचालन तत्परता, क्षमता वृद्धि और आधुनिकीकरण के लिए रणनीतिक रोडमैप तैयार करेगा। उम्मीद है कि CCC 2025 की चर्चाएं भारत की सुरक्षा संरचना को और सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाएंगी।

Pooja Mehta
पूजा मेहताauthor

पूजा मेहता एक वरिष्ठ टेलीविज़न पत्रकार हैं, जिन्हें रिपोर्टिंग का लगभग 15 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने राजनीति, आतंकवाद, आंतरिक संघर्ष, रक्षा, पर्यावरण और अपराध पर व्यापक रिपोर्टिंग की है, विशेष रूप से पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों पर गहरा फोकस रखते हुए। संघर्षग्रस्त इलाकों से उनकी ज़मीनी रिपोर्टिंग और जटिल मुद्दों की गहन समझ उन्हें पैनी दृष्टि और विश्वसनीय विश्लेषण के लिए अलग पहचान दिलाती है। वह प्रमाणित Defence Correspondent हैं और अमेरिकी विदेश विभाग के प्रतिष्ठित International Visitor Leadership Program (IVLP) की एलुमनी भी हैं, जिससे विदेशी नीति, सुरक्षा और सामरिक मामलों में उनकी विशेषज्ञता और मजबूत हुई है।

और पढ़ें
End of Article