दुनिया

अमेरिका: ब्रुकलिन में 3 मंजिला इमारत ढही, दो बच्चों समेत 8 की मौत, 18 घायल

CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, मृतकों में सात की पहचान मामादू बैरी (23), जोस लुइस कागुआना कॉसक्विलो (26), केविन सैंटियागो रेयेस गोंजालेज (10), जुआन डेनियल सल्वादा गुजमान (31), निकोल डेनिएला सल्वाला रोड्रिगेज (9), एडगर सापोन (26) और गैब्रियल सिगुएंसिया (22) के रूप में हुई है।

Image

ब्रुकलिन के इमारत हादसे में 8 की मौत।

Photo : AP

Brooklyn building collapse : अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर के ब्रुकलिन इलाके में तीन मंजिला इमारत ढहने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में दो बच्चों समेत आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 अन्य घायल हो गए। मृतकों में दो निर्माण श्रमिक भी शामिल हैं। हादसे के बाद शहर प्रशासन ने व्यापक जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में इमारत की संरचना में दरारें होने की जानकारी सामने आई है, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

छह लोगों की मौके पर ही मौत

न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने गुरुवार को घटना की जानकारी देते हुए बताया कि हादसे के बाद छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य ने नजदीकी अस्पतालों में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों में 14 आम नागरिक और चार दमकलकर्मी शामिल हैं। ममदानी ने बताया कि मृतकों में दो निर्माण श्रमिकों की भी पहचान हुई है। अस्पतालों में भर्ती अधिकांश घायलों की हालत स्थिर है, हालांकि एक व्यक्ति की स्थिति गंभीर बनी हुई है। CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, मृतकों में सात की पहचान मामादू बैरी (23), जोस लुइस कागुआना कॉसक्विलो (26), केविन सैंटियागो रेयेस गोंजालेज (10), जुआन डेनियल सल्वादा गुजमान (31), निकोल डेनिएला सल्वाला रोड्रिगेज (9), एडगर सापोन (26) और गैब्रियल सिगुएंसिया (22) के रूप में हुई है। एक अन्य मृतक की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।

मार्च में ही सामने आई थीं इमारत में दरारें

हादसे के बाद इमारत की स्थिति को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि न्यूयॉर्क सिटी डिपार्टमेंट ऑफ बिल्डिंग्स में मार्च में दर्ज कराई गई एक निरीक्षण रिपोर्ट में इमारत के उत्तरी हिस्से के बाहरी ढांचे में दरारों का उल्लेख किया गया था। CNN के अनुसार, रिपोर्ट में इमारत के बाहरी हिस्से की स्थिति खराब बताई गई थी और उसमें स्पष्ट दरारें होने की बात कही गई थी।

हादसे की होगी जांच

इस रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए मेयर ममदानी ने कहा कि वह इस जानकारी से बेहद चिंतित हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन हादसे के कारणों की पूरी गंभीरता से जांच करेगा। जांच केवल इसी इमारत तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इससे जुड़े संचालकों के शहर में चल रहे अन्य निर्माण स्थलों की भी पड़ताल की जाएगी।

100 से अधिक निर्माण स्थलों की जांच

प्रशासन ने हादसे से जुड़े संभावित सुरक्षा जोखिमों का पता लगाने के लिए न्यूयॉर्क में 100 से अधिक निर्माण स्थलों का निरीक्षण शुरू किया है। जांच में ढही हुई इमारत की संरचनात्मक स्थिति के साथ-साथ उससे सटे निर्माण स्थल पर चल रही गतिविधियों की भी पड़ताल की जाएगी। मेयर ने कहा कि हादसे के लिए जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति या संस्था को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों की पूरी जवाबदेही तय की जाएगी। वहीं, न्यूयॉर्क सिटी फायर डिपार्टमेंट (FDNY) ने घटनास्थल पर बचाव और तलाशी अभियान पूरा कर लिया है। विभाग के प्रवक्ता के मुताबिक, अभियान के दौरान कोई अतिरिक्त पीड़ित नहीं मिला।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article