दुनिया

UAE के फुजैरा में भीषण सड़क हादसा: 23 गाड़ियों की टक्कर के बाद लगी आग, भारतीयों समेत 14 की मौत

Fujairah Crash: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के फुजैरा में शेख खलीफा बिन जायद रोड पर 23 गाड़ियों की आपसी टक्कर और आग लगने से भारतीय नागरिकों समेत 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 घायल हैं।

Image

UAE के फुजैरा में भीषण सड़क हादसा: 23 गाड़ियों की टक्कर के बाद लगी आग, भारतीयों समेत 14 की मौत

UAE Road Accident: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के फुजैरा में शेख खलीफा बिन जायद रोड पर 23 गाड़ियों की आपसी टक्कर और आग लगने से भारतीय नागरिकों समेत 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 घायल हैं।

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के फुजैरा अमीरात में एक भीषण सड़क हादसे में भारतीय नागरिकों समेत कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 30 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह दर्दनाक हादसा शेख खलीफा बिन जायद रोड पर फुजैरा के प्रवेश द्वार के पास आधी रात से ठीक पहले हुआ, जहां 23 गाड़ियां आपस में टकरा गईं और उनमें भीषण आग लग गई।

कैसे हुआ यह भीषण हादसा?

फुजैरा पुलिस के अनुसार, एक ट्रक ड्राइवर द्वारा वाहन से नियंत्रण खो देने के कारण यह दुर्घटना हुई। बेकाबू ट्रक पहले एक गाड़ी से टकराया और फिर पलटते हुए धीमी गति से चल रहे ट्रैफिक के कारण रुकी हुई कई गाड़ियों में जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहनों में तुरंत आग लग गई और लपटें तेजी से आसपास की गाड़ियों में फैल गईं। UAE के गृह मंत्रालय ने पुष्टि की है कि इस हादसे में 5 ट्रकों समेत कुल 23 वाहन शामिल थे।

भारतीय दूतावास ने की पुष्टि, DNA टेस्ट जारी

UAE स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास (Indian Consulate) ने पुष्टि की है कि मृतकों में भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। दूतावास ने कहा कि वह शोक संतप्त परिवारों के संपर्क में है और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर काम कर रहा है। वहीं, आग की भीषण लपटों के कारण शवों के बुरी तरह झुलस जाने से उनकी पहचान मुश्किल हो गई है, जिसके चलते फुजैरा पुलिस DNA टेस्ट करा रही है।

15 घायलों का अस्पताल में इलाज जारी

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एम्बुलेंस और सिविल डिफेंस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के मुताबिक, कुल 30 घायलों में से 15 को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि 15 का इलाज अभी जारी है। मृतकों में भारतीयों के अलावा स्थानीय अमीराती (UAE) नागरिक भी शामिल हैं, वहीं घायलों में भारत, यूएई, ओमान, ब्राजील, पाकिस्तान, जॉर्डन और मिस्र के नागरिक हैं।

फिलहाल विशेषज्ञ टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। UAE के गृह मंत्रालय और फुजैरा पुलिस ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article