देश

वाराणसी के डिवाइडर पर खिले कमल के फूल तो भड़की सपा, बोली- बीजेपी को फायदा पहुंचा रहा नगर निगम

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले वाराणसी में डिवाइडर पर लगाए गए गुलाबी कमल के फूलों को लेकर सियासी विवाद शुरू हो गया है। समाजवादी पार्टी ने आरोप लगाया है कि नगर निगम बीजेपी के चुनाव चिह्न को प्रमोट कर रहा है और जनता के पैसे का इस्तेमाल राजनीतिक फायदे के लिए किया जा रहा है। वहीं, नगर निगम का कहना है कि कमल भारत का राष्ट्रीय फूल है और इसे शहर की सुंदरता बढ़ाने के लिए लगाया गया है।

Image

राणसी में डिवाइडर पर खिले 'कमल' पर भिड़ी बीजेपी और सपा।

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

उत्तर प्रदेश में विधान सभा चुनाव के पहले विवादों का दौर जारी है। ताजा मामला जुड़ा है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में, जहां डिवाइडर पर लगे कमल के फूल ने राजनीति के तापमान को बढ़ा दिया है। नगर निगम की ओर से सड़कों की सुंदरता बढ़ाने के लिए डिवाइडर पर खम्भों के ऊपर गुलाबी रंग के कमल के फूल लगाए गए। लेकिन नगर निगम की ये कवायद समाजवादी पार्टी को रास नहीं आ रही है।

समाजवादी पार्टी ने जताई आपत्ति

समाजवादी पार्टी ने इसे सियासी मुद्दा बना दिया है। समाजवादी पार्टी के नेता और एमएलसी आशुतोष सिंहा का आरोप है कि आगामी विधानसभा चुनाव में नगर निगम बीजेपी को फायदा पहुंचाना चाहती है। इसी के तहत के डिवाइडर पर कमल के फूल की आकृति लगाई जा रही है। उनका कहना था कि मौजूदा दौर में नगर निगम बीजेपी के एजेंट के तौर पर काम कर रहा है। अगर सपा की सरकार बनती है तो इस मामले की जांच कराई जाएगी। आशुतोष सिन्हा ने कहा, "नगर निगम सरकारी संस्था है, किसी पार्टी की नहीं। जनता के पैसे से किसी एक पार्टी के चुनाव चिन्ह को प्रमोट करना गलत है।

नगर निगम का दावा - राष्ट्रीय प्रतीकों को कर रहे प्रमोट

वहीं, नगर निगम ने सपा के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने टाइम्स नाउ नवभारत से बातचीत में कहा कि शहर के अलग- अलग सड़कों पर धार्मिक और राष्ट्रीय प्रतीक चिन्हों को लगाया जा रहा है। डिवाइडर पर त्रिशूल, डमरू भी लगाए गये हैं। उन्होंने कहा कि कमल भारत का राष्ट्रीय फूल है। सड़कों को सुंदर बनाने और राष्ट्रीय प्रतीकों को प्रमोट करने के लिए डिवाइडर पर कमल के फूल लगाए गए हैं। इसका किसी पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है। कमल सनातन संस्कृति और भारतीय परंपरा का प्रतीक है। शहर को सुंदर बनाने के लिए इस तरह के डेकोरेटिव स्ट्रक्चर लगाए जा रहे हैं।

क्यों हो रहा है विवाद?

दरअसल, कमल का फूल एक तरफ भारत का राष्ट्रीय पुष्प है, तो दूसरी तरफ बीजेपी का चुनाव चिन्ह भी है। यही वजह है कि डिवाइडर पर कमल लगते ही यह मामला सुंदरता से निकलकर सियासत में पहुंच गया है। हालांकि ये कोई पहला मामला नहीं जब किसी पार्टी के चुनाव चिन्ह को लेकर विवाद हुआ है। इसके पहले साल 2012 में विधानसभा चुनाव के दौरान लखनऊ में बीएसपी के चुनाव चिन्ह हाथी को लेकर हंगामा हुआ था। चुनाव आयोग के आदेश पर हाथियों की मूर्तियों को ढकना पड़ा था।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article