Nahay Khay Chhath Puja 2026 Today Timing & Vidhi: छठ पूजा एक प्रमुख और कठिन लोक आस्था का महापर्व है, जो मुख्य रूप से बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में धूमधाम से मनाया जाता है। लगातार 4 दिनों तक छठ पूजा का महापर्व चलता है, जिस दौरान भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा की जाती है। साथ ही करीब 36 घंटे का निर्जला उपवास रखना होता है, जिस दौरान कुछ भी खाने और पीने की मनाही होती है। द्रिक पंचांग के अनुसार, आज 13 नवंबर 2026, शुक्रवार से छठ महापर्व की शुरुआत हो गई है। छठ का पहला दिन नहाय-खाय कहलाता है। इस दिन कद्दू-भात की सब्जी बनाई जाती है और जमीन पर बैठकर भोजन किया जाता है। यहां पर आप विस्तार से छठ के पहले दिन नहाय-खाय के महत्व, शुभ मुहूर्त, विधि और अन्य जरूरी बातों के बारे में जानेंगे।
नहाय-खाय की पूजा का शुभ मुहूर्त
नहाय-खाय के दिन स्नान आदि कार्य सूर्योदय से पहले करने चाहिए। आज 13 नवंबर 2026 को सूर्योदय सुबह 6 बजकर 42 मिनट पर हुआ। इसके बाद पूजा और व्रत का संकल्प ब्रह्म मुहूर्त में लेने का विधान है। आज ब्रह्म मुहूर्त सुबह 4:56 से सुबह 5:49 बजे तक था। वहीं, खाना बनाने के लिए अभिजित मुहूर्त शुभ है। आज सुबह 11:44 बजे से दोपहर 12:27 बजे तक अभिजित मुहूर्त रहेगा।
नहाय-खाय की विधि
नहाय-खाय के दिन व्रती सुबह जल्दी उठकर गंगा या किसी पवित्र नदी में स्नान करते हैं, जिसके बाद शुद्ध कपड़े पहनने होते हैं। इसके बाद घर और रसोई की साफ-सफाई की जाती है, जिसके पश्चात व्रती तन और मन की शुद्धता का संकल्प लेते हैं। फिर घर में कद्दू की सब्जी, चने की दाल और चावल बनाए जाते हैं, जिसे कद्दू-भात कहते हैं। कद्दू-भात में प्याज, लहसुन और अन्य तामसिक चीजों का इस्तेमाल नहीं करना होता है, बल्कि भोजन शुद्ध तरीके से बनाया जाता है, जिसमें केवल सेंधा नमक और शुद्ध घी का इस्तेमाल करना होता है। इस भोजन को सबसे पहले सूर्यदेव और छठी मैया को भोग के रूप में अर्पित किया जाता है, जिसके बाद जमीन पर बैठकर व्रती खुद खाना खाते हैं। व्रती के बाद परिवार के अन्य सदस्य भोजन ग्रहण करते हैं।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें- छठ के पहले दिन आज मंडराया भद्रा का साया, जानें दिनभर के शुभ मुहूर्त
नहाय-खाय से जुड़े जरूरी नियम
- व्रती को इस दिन हर तरह से शुद्धता का ध्यान रखना होता है।
- घर और रसोई की सफाई करने में लापरवाही न बरतें।
- इस दिन केवल सात्विक भोजन ही करें।
- व्रती को जमीन पर बैठकर भोजन करना चाहिए। यदि संभव है तो सोना भी जमीन पर चाहिए।
छठ महापर्व 2026 की तिथि
आज 13 नवंबर 2026 से छठ महापर्व की शुरुआत हो गई है, जिसके बाद 14 नवंबर 2026 को खरना का दिन है। इसके बाद 15 नवंबर को डूबते हुए सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया जाएगा। ये छठ पूजा का मुख्य दिन भी है, जिसके साथ ही 36 घंटे के निर्जला व्रत का आरंभ होगा। अंत में 16 नवंबर को उगते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा, जिसे उषा अर्घ्य कहते हैं। बता दें कि उषा अर्घ्य के बाद ही छठ पूजा और व्रत का पारण होता है।
