World Diabetes Day 2026: भारत में डायबिटीज के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। चिंता की बात यह है कि इसका असर केवल दिल, किडनी और आंखों तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं और पुरुषों की प्रजनन क्षमता पर भी पड़ सकता है। आज विश्व मधुमेह दिवस 2026 के मौके पर डॉक्टरों ने सलाह दी है कि जो कपल्स माता-पिता बनने की योजना बना रहे हैं, उन्हें अपनी ब्लड शुगर की जांच जरूर करानी चाहिए। यहां पढ़ें कैसे डायबिटीज और फर्टिलिटी के बीच गहरा कनेक्शन है, और इस तरह की समस्या का समाधान किस प्रकार से किया जा सकता है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - डायबिटीज का असर क्या स्किन पर भी पड़ता है, जानें त्वचा की कौन सी समस्याएं देती हैं हाई ब्लड शुगर के संकेत
महिलाओं में डायबिटीज से बढ़ सकती हैं गर्भधारण की परेशानियां
नर्चर IVF की डॉ. अर्चना बजाज के अनुसार, गर्भधारण में परेशानी का सामना कर रहे कई कपल्स में ब्लड शुगर और वजन से जुड़ी समस्याएं देखने को मिलती हैं। महिलाओं में अनियंत्रित डायबिटीज ओव्यूलेशन यानी अंडाशय से अंडाणु निकलने की प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती है। इससे गर्भधारण में परेशानी और गर्भपात का खतरा बढ़ सकता है। गर्भावस्था के दौरान जेस्टेशनल डायबिटीज की आशंका भी अधिक हो सकती है। डॉ. बजाज का कहना है कि गर्भधारण की योजना बनाने से पहले ब्लड शुगर की जांच उतनी ही जरूरी है, जितना फोलिक एसिड लेना।
PCOS वाली महिलाओं को रहना चाहिए सतर्क
PCOS से पीड़ित महिलाओं में इंसुलिन रेजिस्टेंस की समस्या आम है। इसमें शरीर इंसुलिन का सही इस्तेमाल नहीं कर पाता, जिससे ब्लड शुगर बढ़ने का खतरा रहता है। डॉ. अर्चना बजाज के अनुसार, अनियमित पीरियड्स, पेट के आसपास वजन बढ़ना और लगातार मुंहासे PCOS के संकेत हो सकते हैं। ऐसी महिलाओं को समय पर जांच और डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए।
पुरुषों की फर्टिलिटी पर भी पड़ता है असर
VNA हॉस्पिटल के हेड यूरोलॉजी डॉ. विनीत मल्होत्रा बताते हैं कि लंबे समय तक बढ़ा हुआ ब्लड शुगर पुरुषों की नसों और रक्त वाहिकाओं को नुकसान पहुंचा सकता है। इससे इरेक्टाइल डिसफंक्शन, यौन समस्याएं और टेस्टोस्टेरोन का स्तर कम होने जैसी परेशानियां हो सकती हैं। उनके अनुसार, लगातार थकान या इरेक्शन से जुड़ी परेशानी होने पर पुरुषों को ब्लड शुगर की जांच करानी चाहिए।
नई दवाओं के साथ जरूरी है बेहतर जीवनशैली
जुपिटर हॉस्पिटल, पुणे की कंसल्टेंट एंडोक्रिनोलॉजिस्ट डॉ. स्वाति गोराय के अनुसार, सेमाग्लूटाइड जैसी नई दवाएं ब्लड शुगर और वजन दोनों को नियंत्रित करने में मदद कर सकती हैं। हालांकि, इन दवाओं के साथ सही खानपान और नियमित व्यायाम भी जरूरी है। आकाश हेल्थकेयर के डॉ. विक्रम जीत सिंह भी 30 साल से अधिक उम्र के लोगों को नियमित ब्लड शुगर और HbA1c जांच कराने की सलाह देते हैं, खासकर जिन्हें डायबिटीज की पारिवारिक हिस्ट्री है या जिनका वजन अधिक है।
