देश

Weather Report Today : IMD का अनुमान-उत्तर भारत में खराब रहेगी आबोहवा, दक्षिण में बारिश के आसार

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Nov 23, 2022, 07:58 AM IST

Weather Update Today : कर्नाटक, केरल में कुछ स्थानों पर बिजली के साथ हल्की बारिश हो सकती है। उत्तर भारत की अगर बात करें तो यहां वायु गुणवत्ता का स्तर अत्यंत खराब, जबकि मध्य भारत, पूर्वी, पश्चिमी एवं दक्षिण भारत में एक्यूआई खराब की श्रेणी में बना रह सकता है।

Image

दक्षिण भारत के कुछ इलाकों में आज बारिश हो सकती है।

Photo : PTI
KEY HIGHLIGHTS
  • बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना हुआ डिप्रेशन अब एक गहरे निम्न दबाव के क्षेत्र में बदल गया है
  • स्काईमेट की रिपोर्ट के मुताबिक दक्षिण भारत के कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है
  • उत्तर भारत के राज्यों में वायु की गुणवत्ता खराब की श्रेणी में रहने का अनुमान जताया गया है

Weather Update Today : देश में आज मौसम का मिजाज कुछ इस तरह से रहने वाला है। स्काईमेट के अनुमान के अनुसार दक्षिण भारतीय राज्य आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश और बिजली की कड़क के साथ आंधी-पानी आ सकती है। कर्नाटक, केरल में कुछ स्थानों पर बिजली के साथ हल्की बारिश हो सकती है। उत्तर भारत की अगर बात करें तो यहां वायु गुणवत्ता का स्तर अत्यंत खराब, जबकि मध्य भारत, पूर्वी, पश्चिमी एवं दक्षिण भारत में एक्यूआई खराब की श्रेणी में बना रह सकता है।

दिल्ली में आसमान आज साफ रह सकता है

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। दिल्ली में सोमवार की सुबह इस मौसम की सबसे सर्द सुबह रही थी, जब न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया था, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक, मंगलवार सुबह नौ बजे आनंद विहार, द्वारका, जहांगीरपुरी और शादीपुर मौसम केंद्रों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में दिन में आसमान मुख्यत: साफ रहने के आसार हैं, जबकि अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

डिप्रेशन अब एक गहरे निम्न दबाव के क्षेत्र में बदला

दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना हुआ डिप्रेशन अब एक गहरे निम्न दबाव के क्षेत्र में बदल गया है। यह उत्तर पश्चिम दिशा में उत्तर तमिलनाडु और दक्षिण आंध्रप्रदेश के तट की ओर आगे बढ़ेगा तथा कुछ और कमजोर हो सकता है। 24 नवंबर के आसपास उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित हो सकता है।

बर्फबारी की वजह से उत्तर भारत में बढ़ेगी ठिठुरन

देश के पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी की वजह से उत्तर भारत के कई राज्यों में तापमान में गिरावट आनी शुरू हो गई है। आने वाले दिनों में उत्तर भारत के राज्यों दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश सहित राजस्थान में सर्दी बढ़ने का अनुमान है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार से पांच दिनों में इन राज्यों के तापमान में दो से तीन डिग्री की कमी आएगी।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article