Ind VS Pak: एशिया कप में आज (रविवार) भारत का मुकाबला पाकिस्तान से है। मैच से पहले ही इस मामले पर खूब राजनीति हो रही है। शिवसेना UBT सहित कई विपक्षी दलों ने इस मैच की खिलाफत की है। वहीं, AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी लगातार सरकार से अपील कर रहे हैं कि यह मैच रद्द की जाए। उन्होंने कहा कि मैं असम और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्रियों से पूछना चाहता हूं कि क्या आप में पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलना बंद करने की ताकत नहीं है? ये वही पाकिस्तान है, जिसने पहलगाम में हमारे 26 निर्दोष लोगों को उनका धर्म पूछकर गोली मार दी थी।
ओवैसी ने आगे बीजेपी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आप अभी भी पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेल रहे हैं। अगर आपकी अपनी बेटी मर जाती, और उसके हाथों की मेहंदी भी नहीं छूटी होती, तो क्या आप तब भी क्रिकेट खेलते? ओवैसी ने कहा कि रविवार को एक क्रिकेट मैच खेला जाएगा. इससे कितना पैसा आएगा? 600 या 700 करोड़?
उन्होंने आगे कहा कि क्या अब भाजपा के नेता देशभक्ति की बात करेंगे? उन्होंने कहा कि मैं भारत के प्रधानमंत्री से पूछना चाहता हूं कि जब आपने कहा था कि खून और पानी साथ-साथ नहीं बह सकते. बातचीत और आतंकवाद साथ-साथ नहीं चल सकते, तो आज आप किस चीज को अधिक महत्व दे रहे हैं, 26 भारतीय नागरिकों की जान को या फिर पैसे को?
खून और क्रिकेट कैसे साथ चल सकते हैं: उद्धव ठाकरे
वहीं, शनिवार को शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा कि जब प्रधानमंत्री खुद कहते हैं कि ‘खून और पानी साथ नहीं बह सकते’ तो फिर खून और क्रिकेट कैसे साथ चल सकते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब पैसों का खेल है. उद्धव ने कहा कि उनकी पार्टी की महिलाएं सड़क पर उतरेगी और पीएम मोदी को हर घर से भेजा गया सिंदूर दिखाएंगी। संजय राउत ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहलगाम हमले में 26 महिलाओं का सिंदूर उजड़ा, लेकिन सरकार पाकिस्तान से क्रिकेट खेलने जा रही है. उन्होंने इसे देशद्रोही करार दिया।
BCCI ने क्या दी सफाई
बता दें कि यह मैच पहलगाम हमले और उसके बाद ऑपरेशन सिंदूर के बाद हो रहा है। भारत और पाकिस्तान के संबंध फिलहाल सबसे निचले स्तर पर है। बीसीसीआई की साफ तौर पर कहना है कि दोनों देशों के बीच कोई बाइलेटरल मुकाबला नहीं होगा। आईसीसी और दूसरे मल्टीलेटरल मुकाबलों में खेलना हमारी बाध्यता है।
