देश

PAK वाले जब मदद मांगेंगे तो बिल्कुल करेंगे- बोले केंद्रीय मंत्री, पर जयशंकर की कुछ और रही राय; विवादों से पुराना है टेनी का नाता

  • Produced by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Feb 28, 2023, 08:32 AM IST

दरअसल, पाकिस्तान में महंगाई लगभग 25 फीसदी की दर से बढ़ी है। रोचक बात यह है कि यह दर एक साल पहले करीब 13 प्रतिशत हुआ करती थी। दूध, अंडा, प्याज और आटा सरीखी खाने-पीने की चीजों के दाम हाल-फिलहाल में तेजी से बढ़े थे।

Image

पाकिस्तान मौजूदा समय में आर्थिक संकट से जूझ रहा है। वहां पर खाने-पीने से लेकर रोजमर्रा में काम आने वाली चीजों के दाम आसमान छू रहे हैं। (फाइल)

Photo : AP

केंद्रीय राज्य मंत्री अजय कुमार मिश्रा टेनी ने पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि पाकिस्तानी मदद मांगेंगे तो निश्चित तौर पर उन्हें सहायता मुहैया कराई जाएगी। पत्रकारों की ओर से यह पूछे जाने पर कि पाकिस्तान में आर्थिक संकट है...भारत सरकार क्या करने वाली है, क्या मदद करेगी? टेनी ने इस पर जवाब दिया, "जब पाकिस्तान के लोग मदद मांगेंगे तो निश्चित तौर पर मदद की जाएगी।"

दरअसल, टेनी इस दौरान बजट को लेकर संवाददाताओं से बात कर रहे थे। उन्होंने इसके साथ ही यह भी दावा किया कि भारत सरकार के पास 18 हजार करोड़ रुपए का बजट है, जो कि वह अपने पड़ोसी देशों की मदद के लिए रखता है।

हालांकि, केंद्रीय मंत्री की ओर से यह बयान तब आया है, जब कुछ रोज पहले केंद्रीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने पाक को लेकर आतंकवाद के संदर्भ में कहा था कि अगर आप 'टेररिज्म इंडस्ट्री' चलाएंगे तब ऐसी बड़ी दिक्कतें आएंगी ही। जहां तक उसको मदद देने का सवाल है तो हम सबसे पहले यह देखेंगे-समझेंगे कि भारतीय इस बारे में क्या सोचते हैं।

दरअसल, टेनी यूपी के लखीमपुरी खीरी में हुई घटना (सड़क हादसे में चार किसानों की मौत से जुड़ी) के बाद चर्चा के केंद्र में आ गए थे। Lakhimpur Kheri से वह दो बार सांसद रह चुके हैं और साल 2021 में कैबिनेट में हुए फेरबदल में जगह पाने वाले इकलौते ब्राह्मण चेहरा थे। मूल रूप से लखीमपुर खीरी के रहने वाले टेनी की पढ़ाई कानपुर से हुई है और वह बीएससी और एलएलबी पास हैं। वैसे, विवादों से उनका पुराना नाता रहा है और वह अक्सर अपने बयानों-भाषा को लेकर सुर्खियों में रहे हैं।

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article