Himachal Pradesh Latest News: मूसलाधार बारिश की मार झेलने वाले पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश प्राकृतिक आपदा प्रभावित क्षेत्र घोषित कर दिया गया है। शुक्रवार (18 अगस्त, 2023) को यह जानकारी सूबे के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू की ओर से दी गई। उन्होंने इस बाबत सोशल मीडिया पोस्ट किए और सूचना दी, जबकि इस संबंध में राज्य सरकार की ओर से अधिसूचना भी जारी की गई।

himachal cm post
वहीं, केंद्रीय गृह मंत्रालय के ताजा डेटा में बताया गया कि देश में इस मॉनसून के दौरान (एक अप्रैल से 17 अगस्त के बीच) बाढ़, बिजली गिरने और भूस्खलन के कारण कम से कम 2,038 लोगों की मौत हो गई, जबकि 101 लोग लापता हुए और 1,584 लोग घायल हो गए। बिहार में सबसे अधिक 518 और फिर हिमाचल प्रदेश में 330 लोगों की मौत हुई। बारिश, भूस्खलन और आकाशीय बिजली गिरने से 335 जिले प्रभावित हुए, जिनमें हिमाचल प्रदेश के 12 जिले भी प्रभावित हैं।

hp notification 1

hp notification 2
समाचार एजेंसी ‘पीटीआई-भाषा’ से सीएम ने कहा कि बचाव अभियान पूरे जोरों पर हैं। राज्य सरकार अपने संसाधनों के जरिए प्रभावित परिवारों, खासकर उन लोगों की मदद करने का प्रयास कर रही है, जिनके घर अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन में क्षतिग्रस्त हो गए। केंद्रीय दलों ने नुकसान के आकलन के लिए प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया है और हमें केंद्र से समय पर मदद की जरूरत है।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, "राज्य को अनुमानत: 10,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।" शिमला के पुलिस अधीक्षक (एसपी) संजीव कुमार गांधी ने बताया कि समर हिल इलाके में एक शिव मंदिर के मलबे से एक और शव बरामद होने के साथ ही बारिश से प्रभावित हिमाचल में मृतकों की संख्या 75 हो गई है। दरअसल, हिमाचल प्रदेश में रविवार से भारी बारिश देखने को मिली है, जिसकी वजह से शिमला समेत कई जिलों में भूस्खलन हुआ।
