देश

सिसोदिया गिरफ्तार, AAP में हाहाकारः केजरीवाल का दावा- 'सियासी दबाव' के चलते CBI अफसरों ने किया अरेस्ट

  • Produced by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Feb 27, 2023, 02:32 PM IST

Delhi Liquor Policy Case: दरअसल, दिल्ली के डिप्टी सीएम और अरविंद केजरीवाल (सीएम और आप संयोजक) के करीबी माने जाने वाले मनीष सिसोदिया को आबकारी नीति मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने गिरफ्तार किया था, जिसके बाद आप के प्रदर्शन के मद्देनजर सोमवार सुबह दिल्ली में कुछ जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई थी।

Image

दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान आप नेता और कार्यकर्ता। (स्क्रीग्रैब)

Photo : Twitter

दिल्ली के डिप्टी-सीएम मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद सोमवार (27 फरवरी, 2023) को राष्ट्रीय राजधानी से लेकर मुंबई और उत्तर प्रदेश तक आम आदमी पार्टी (आप) नेताओं में हाहाकार देखने को मिली। कोर्ट में सिसोदिया की पेशी से ऐन पहले इन जगहों पर आप के नेताओं ने उनकी गिरफ्तारी के खिलाफ सड़कों पर आकर विरोध जाहिर किया। हालांकि, इस दौरान जहां-जहां कार्यकर्ता उग्र हुए वहां पुलिस को उन्हें काबू करने के लिए कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेना पड़ा।

वहीं, सीएम केजरीवाल ने सोमवार को दावा किया कि सीबीआई के अधिकतर अधिकारी सिसोदिया की गिरफ्तारी के पक्ष में नहीं थे, लेकिन उन्होंने ‘‘राजनीतिक दबाव’’ के कारण ऐसा किया। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘मुझे बताया गया है कि सीबीआई के अधिकतर अधिकारी मनीष को गिरफ्तार करने के पक्ष में नहीं थे। वे सभी उनका बहुत सम्मान करते हैं और उनके खिलाफ कोई सबूत भी नहीं है। हालांकि उनकी गिरफ्तारी को लेकर काफी राजनीतिक दबाव था और उन्हें अपने राजनीतिक आकाओं के आदेश का पालन करना था।’’

दरअसल, देश की सबसे बड़ी जांच एजेंसी सीबीआई ने एक रोज पहले यानी 27 फरवरी, 2023 को सिसोदिया को शराब की बिक्री से जुड़ी आबकारी नीति में कथित भ्रष्टाचार के सिलसिले में गिरफ्तार किया था। सिसोदिया के अरेस्ट किए जाने के बाद सीबीआई कार्यालय के पास प्रदर्शन करने वाले ‘आप’ सांसद संजय सिंह और मंत्री गोपाल राय सहित 50 लोगों को भी हिरासत में ले लिया गया था। वैसे, यह नीति अब रद्द की जा चुकी है।

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article