देश

बुरे फंसे केजरीवाल? AAP से रिश्ते पर 'महाठग' सुकेश पॉलीग्राफ टेस्ट करवाने को तैयार, दे दी खुली चुनौती

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Nov 12, 2022, 09:31 PM IST

200 करोड़ की वसूली और धोखाधड़ी के मामले में आरोपी सुकेश चंद्रशेखर लगातार आप पर गंभीर आरोप लगा रहा है। सुकेश का दावा है कि उसने राज्यसभा सीट के लिए आप को 50 करोड़ रुपये दिए थे। वहीं आप कह रही है कि सुकेश ये सब बीजेपी के इशारे पर कर रहा है।

Image

सुकेश चंद्रशेखर के साथ संबंधों को नकारती रही है AAP

Photo : Times Now Digital
KEY HIGHLIGHTS
  • सुकेश चंद्रशेखर लिख चुका है एलजी को चार चिट्ठियां
  • चारों चिट्ठियों में केजरीवाल पर लगाए गए हैं गंभीर आरोप
  • AAP को करोड़ों रुपये देने का किया गया है दावा

'महाठग' सुकेश चंद्रशेखर ने एक और चिट्ठी लिखी है। इस चिट्ठी में उसने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को चुनौती देते हुए लिखा है कि वो पॉलीग्राफ टेस्ट करवाने को तैयार है। उसने आम आदमी पार्टी पर जितने भी आरोप लगाए हैं, वो बीजेपी के कहने पर नहीं लगाए हैं। सभी आरोप सत्य हैं। अगर किसी को शक है तो उसका पॉलीग्राफ टेस्ट करवा लिया जाए। जिससे सच्चाई सामने आ जाएगी।

जेल में बंद है 'महाठग'

सुकेश चंद्रशेखर इस समय दिल्ली की एक जेल में बंद है। हाल के दिनों में उसने कई चिट्ठियां दिल्ली के एलजी वीके सक्सेना को लिखी है। इसमें जान का खतरा बताते हुए सीबीआई जांच की मांग भी की गई है। सुकेश ने कहा है कि आप को उसने करोड़ों रुपये चंदे के रूप में दिए हैं। हाल के हफ्तों में, उसने सत्येंद्र जैन पर उससे 10 करोड़ वसूलने का आरोप लगाया है। सुकेश ने केजरीवाल पर राज्यसभा सीट के लिए भी 50 करोड़ रुपये लेने का आरोप लगाया है।

ताजा आरोप

दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना को लिखे गए नए पत्र में, जेल में बंद सुकेश चंद्रशेखर ने भ्रष्टाचार के अपने दावों को प्रमाणित करने के लिए पॉलीग्राफ टेस्ट करवाने की मांग की है। उसने यह भी मांग की कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी जेल में बंद आप नेता सत्येंद्र जैन के साथ यह टेस्ट दें। सच्चाई सामने आ जाएगी। सुकेश ने अपने वकील द्वारा जारी पत्र में लिखा- "केजरीवाल जी, रोने के बजाय ... पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए तैयार हो जाइए।"

केजरीवाल को दी चुनौती

सुकेश ने चुनौती देते हुए कहा कि केजरीवाल, जैन और खुद के पॉलीग्राफ टेस्ट आमने-सामने किए जाएं और पूरी प्रक्रिया का सीधा प्रसारण किया जाए ताकि पूरा देश केजरीवाल और जैन की वास्तविकता को सीधे देख सके। सुकेश ने यह भी दावा किया कि उसने केजरीवाल और सत्येंद्र जैन के लिए करोड़ों की घड़ियां खरीदी हैं।

पहले क्या लगाए थे आरोप

सुकेश चंद्रशेखर चार चिट्ठियां लिख चुका है। इसमें केजरीवाल के साथ संबंधों को लेकर सनसनीखेज दावे किए गए हैं। उसने दावा किया है कि सत्येंद्र जैन समेत केजरीवाल के साथ उसके रिश्ते रहे हैं। उसने पार्टी को फंड दिया है। बदले में उसे राज्यसभा सीट देने का वादा किया गया था। उसकी डिनर पार्टी में केजरीवाल शामिल हो चुके हैं। एक अन्य चिट्ठी में उसने आरोप लगाया था कि जबसे उसने, आप और केजरीवाल को लेकर दावा किया है, तबसे उसे लगातार धमकियां मिल रही हैं। उसकी जान को खतरा है। उसे दिल्ली से बाहर किसी जेल में ट्रांसफर किया जाए।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article