Pune Civic Polls: पुणे स्थानीय निकाय चुनाव में शिवसेना के एक उम्मीदवार पर अपने प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार के नामांकन पत्र (एबी फॉर्म) फाड़कर निगलने का मामला दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना बुधवार को धनकावाड़ी सहकारनगर वार्ड कार्यालय में हुई और बाद में शिवसेना उम्मीदवार उद्धव कांबले (34) के खिलाफ भारती विद्यापीठ पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। पुणे शहर के वार्ड संख्या 34 में 15 जनवरी को होने वाले निकाय चुनाव के लिए शिवसेना के दो उम्मीदवारों को नामांकन पत्र जारी किए गए थे। इसी बात को लेकर शिवसेना के उम्मीदवारों कांबले और मच्छिंद्र धवले के बीच तीखी बहस हुई।
उद्धव कांबले ने फॉर्म फाड़कर निगल लिया
पुलिस के अनुसार, बहस के दौरान कांबले ने कथित तौर पर धवले के नामांकन पत्र छीन लिए, उन्हें फाड़ दिया और टुकड़े निगल लिए। अधिकारी ने कहा, चुनाव प्रक्रिया के दौरान सरकारी कर्मचारी को उनके आधिकारिक कर्तव्यों का पालन करने में बाधा डालने का मामला दर्ज किया गया है। हम मामले की आगे जांच कर रहे हैं।
फॉर्म ए और बी वे आवश्यक दस्तावेज हैं जिनके तहत कोई राजनीतिक दल किसी विशेष उम्मीदवार को चुनाव में अपना उम्मीदवार घोषित करता है। पुणे उन 29 शहरों और कस्बों में से एक है जहां 15 जनवरी को निकाय चुनाव होंगे।
