Weather Update: भारी बारिश से मुंबई में कई जगहों पर जलभराव, मौसम विभाग ने इन राज्यों के लिए की ये भविष्यवाणी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 1, 2022, 10:01 AM IST

Weather Update: मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान मॉनसून के राजस्थान, पूरे पंजाब और हरियाणा के कुछ अतिरिक्त क्षेत्रों की ओर आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।

Weather Update: भारी बारिश से मुंबई में कई जगहों पर जलभराव, मौसम विभाग ने इन राज्यों के लिए की ये भविष्यवाणी
Photo Credit: ANI

Weather Update: मौसम विभाग ने मुंबई के कई हिस्सों में भारी बारिश के बीच येलो अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश होने से शहर में ट्रेन और बस सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि मौसम की पहली भारी बारिश के कारण कई निचले इलाकों में जलजमाव देखा गया है। कुर्ला, चेंबूर, सायन, दादर और अंधेरी सहित मुंबई के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई। 

मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट 

भारी बारिश के बाद बीएमसी ने पश्चिमी उपनगरों में अंधेरी मेट्रो को यातायात के लिए बंद कर दिया। कई जगहों पर लोगों को घुटने भर पानी से गुजरते देखा गया और कई वाहन चालक घंटों जाम में फंसे रहे। शहर में लगातार बारिश के बीच कालबादेवी और सायन इलाकों में इमारत ढहने की दो घटनाएं हुईं, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ।

अब उत्तरी मैदानी इलाकों में आगे बढ़ेगा दक्षिण पश्चिम मानसून

वहीं दक्षिण पश्चिम मानसून अब उत्तरी मैदानी इलाकों में आगे बढ़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान मॉनसून के राजस्थान, पूरे पंजाब और हरियाणा के कुछ अतिरिक्त क्षेत्रों की ओर आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। गुरुवार को मॉनसून उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, राजस्थान के कुछ हिस्सों, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ा। आईएमडी ने अगले तीन दिनों के दौरान उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा सहित कई उत्तरी राज्यों में बारिश की भविष्यवाणी की है।

हिमाचल प्रदेश, पंजाब, उत्तर प्रदेश और पश्चिमी राजस्थान में 1 जुलाई को और हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 2 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना है। पूर्वी राजस्थान में भी 3 जुलाई तक बारिश की संभावना है। अगले चार से पांच दिनों के दौरान उत्तराखंड में भारी बारिश की संभावना है। उधर दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने राष्ट्रीय राजधानी में पहली मानसूनी बारिश के बाद जलजमाव की स्थिति का जायजा लेने के लिए गुरुवार को संबंधित अधिकारियों के साथ एक बैठक की अध्यक्षता की।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!