BJP UP Victory: यूपी में भाजपा की प्रचंड जीत संभव कराने वाले कुछ सितारे, संगठन को मजबूत बनाने में निभाई अहम भूमिका

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 14, 2022, 11:42 PM IST

massive victory in UP:महामंत्री गोविंद शुक्ला ने सभी 403 विधानसभाओं में प्रचार सामग्री, पीएम की रैलियों में भी प्रचार सामग्री, आउटडोर एडवरटाइजिंग का पूरा काम महामंत्री गोविंद शुक्ल की टीम ने किया।

BJP UP Victory: यूपी में भाजपा की प्रचंड जीत संभव कराने वाले कुछ सितारे, संगठन को मजबूत बनाने में निभाई अहम भूमिका

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में लगातार दूसरी बार शानदार जीत हासिल करने वाली भाजपा को बड़ी जीत दिलाने में प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह, राजनाथ, नड्डा, स्वतंत्रदेव और योगी की भूमिका तो महत्वपूर्ण थी, लेकिन इस जीत की स्क्रिप्ट को पर्दे के पीछे से बड़ी बारीकी से रचने वाले कुछ और भी सितारे हैं। इन चेहरों ने पर्दे के पीछे रहकर भाजपा को जोरदार जीत दिलाने के लिए संगठन को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई है।

भाजपा में संगठन महामंत्री सुनील बंसल के हांथों में चुनावी कमान थी। उन्होंने पर्दे के पीछे से पार्टी संगठन को सक्रिय करने के साथ ही कमियों का आकलन कर उसे दूर करने का काम उनके नेतृत्व में संगठन की टीम ने किया। असल में राज्य में भाजपा को जीत का चौका दिलाने वाले बंसल ने हर उस बारीकी को समझा और परखा, जिससे भाजपा को लाभ मिले।

उनकी योजनाएं जमीन पर उतरी, जिसका लाभ सीधे तौर पर पार्टी को मिला। इस बार उनके ही सुझाव पर पहली बार राज्य में विधानसभा स्तर पर महिला प्रवासी और विस्तारकों को जिम्मेदारी दी गई, जिन्होंने केवल महिला वोटर्स को भाजपा के पक्ष में वोट के लिए निकालने का काम किया। यह नया प्रयोग सफल रहा जिसे भाजपा अब देश के अन्य चुनावों में भी लागू करने जा रही है।

भाजपा के महामंत्री जेपीएस राठौर और उनकी टीम ने चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारी निभाई

 प्रत्याशियों से समन्वय, चुनाव आयोग से संबंधित काम और डेटा के आधार पर जरूरतों का आंकलन कर कमियों को दूर कर चुनावी मैदान में भाजपा के लिए मजबूत आधार बनाया। बूथ प्रबंधन का भी काम बखूबी इस टीम ने किया। अरुण कान्त और अशोक दुबे ने इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

प्रदेष महामंत्री अश्विनी त्यागी को विशेष अभियानों की जिम्मेदारी दी गयी। भाजपा के सबसे बड़े वोटर लाभार्थियों को संभालने का जिम्मा इन्ही के कंधो पर था।प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता ने प्रधानमंत्री की वर्चुअल और बाद में प्रत्यक्ष रैलियों के पूरे प्रबंधन का जिम्मा देखा। इनकी टीम की सक्रियता से पीएम के सफल कार्यक्रमों के माध्यम से भाजपा के पक्ष में माहौल बना।

रैलियों और रोड शो के प्रबंधन का पूरा जिम्मा प्रदेश मंत्री त्रियंबक त्रिपाठी की टीम ने देखा

पार्टी के राष्ट्रीय और प्रादेशिक स्तर के नेताओं की रैलियों और रोड शो के प्रबंधन का पूरा जिम्मा प्रदेश मंत्री त्रियंबक त्रिपाठी की टीम ने देखा। कहां किस नेता की रैली लाभकारी होगी इसका डेटा चुनाव प्रबंधन की टीम से लेकर उन्होंने धुंआधार रैलियों का बेहतर प्रबंधन किया। इनके साथ ज्ञान ओझा, कीर्तिवर्धन सिंह और पीयूष मिश्र प्रमुख रूप से रहे।

मीडिया विभाग के इंचार्ज मनीष दीक्षित और उनके साथ सह प्रमुख हिमांशु दुबे ने प्रदेश में बने 8 मीडिया सेंटर्स का प्रबंधन देखा। पार्टी नेताओं की प्रेस वार्ता और विपक्षियों की कमजोरियों को उजागर करने का काम किया। इनके कुशल मीडिया प्रबंधन के चलते भाजपा लोगों के बीच माहौल बनाने में कामयाब रही। मीडिया विभाग से ही जुड़े अंकुश त्रिपाठी मीडिया प्रोफेशनल रहे हैं, इस नाते विशेष रूप से उनके जिम्मे इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, प्रिंट मीडिया और डिजिटल मीडिया पर पैनी नजर रखी। मीडिया प्रबंधन में लगी टीम से समन्वय कर नेताओं की प्रतिक्रिया के लिए कंटेंट का काम इनके पास रहा।

चुनाव के दौरान चलने वाले विशेष अभियान के संबंध का कार्य प्रदेश मंत्री अर्चना मिश्रा ने किया

सोशल मीडिया से भाजपा की उपलब्धियों का प्रचार और विपक्ष पर हमले की रणनीति सोशल मीडिया प्रभारी अंकित चंदेल ने देखी।पीएम की और अन्य नेताओं की वर्चुअल रैलियों का संचालन और नियमित होने वाली वर्चुअल मीटिंग्स का पूरा प्रबंधन आईटी सेल के इंचार्ज रहे कामेश्वर मिश्र ने किया। चुनाव के दौरान चलने वाले विशेष अभियान के संबंध में का कार्य प्रदेश मंत्री अर्चना मिश्रा ने किया। इसमें महिला ओबीसी सहित अन्य संपर्क अभियान भी चले। प्रदेश उपाध्यक्ष विजय बहादुर पाठक ने विस्तारक योजना वह मन की बात के कार्यक्रम के माध्यम से कार्य किया।

शिवकुमार पाठक ने प्रवासी कार्यकतार्ओं व विधानसभा प्रवासियों के समन्वय का कार्य किया है। अतिथि प्रोटोकॉल से लेकर मुख्यालय से संबंधित तमाम व्यवस्थाओं का कार्य मुख्यालय प्रभारी भारत दीक्षित के नेतृत्व में हुआ, जिसमें सह प्रभारी लक्ष्मण चौधरी और अतुल अवस्थी की भूमिका अहम रही।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!