पंजाब CM चन्नी ने कहा- हमने PMO से प्लान रद्द करने को कहा था, पीएम के सड़क मार्ग से जाने की जानकारी नहीं मिली

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 5, 2022, 06:50 PM IST

PM Modi Punjab Visit: पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा है कि पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जान को कोई खतरा नहीं था। खराब मौसम और प्रदर्शनकारियों के कारण उनसे प्लान को रद्द करने के लिए कहा था।

पंजाब CM चन्नी ने कहा- हमने PMO से प्लान रद्द करने को कहा था, पीएम के सड़क मार्ग से जाने की जानकारी नहीं मिली
Photo Credit: ANI

पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में हुई चूक पर पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बहुत सम्मान करते हैं। मुझे खेद है कि पीएम मोदी को आज फिरोजपुर जिले के दौरे के दौरान वापस लौटना पड़ा। मुझे पीएम मोदी के कार्यक्रम में जाना था। मुझे पीएम को रिसीव करना था, उनके साथ रहना था। पीएम के साथ फिरोजपुर में एक मीटिंग करनी थी। मेरे पीए और सेक्रेटरी कोरोना पॉजिटिव हो गए। मैं कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आया, इसलिए नहीं गया। पीएम के स्वागत की जिम्मेदारी डिप्टी सीएम को दी गई। मुझे वर्चुअली जुड़ने को कहा गया। 

हमने उनसे (PMO) खराब मौसम और प्रदर्शनकारियों के कारण प्लान को रद्द करने के लिए कहा था। हमें उनके (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी) अचानक मार्ग परिवर्तन की कोई सूचना नहीं थी। पीएम के दौरे के दौरान सुरक्षा में कोई चूक नहीं हुई। हमें पीएम के हवाई रूट की जानकारी थी, उनके सड़क मार्ग से जाने की जानकारी नहीं मिली। 

बीजेपी के नेता राजनीति कर रहे हैं। पीएम पंजाब को कुछ देने ही आए थे। ये गैर राजनीतिक मुद्दा है। पीएम की जान को कोई खतरा नहीं था। अगर आज पीएम मोदी के दौरे के दौरान सुरक्षा में कोई चूक हुई है तो हम जांच कराएंगे। किसान पिछले एक साल से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे हैं। मैं किसानों पर लाठीचार्ज नहीं करने जा रहा हूं। हमने पूरी रात किसानों से बात की जिसके बाद उन्होंने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया। आज अचानक जिले के फिरोजपुर में कुछ आंदोलनकारी एकत्र हो गए।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!