Jammu Kashmir: कांस्टेबल रियाज अहमद ने अस्पताल में तोड़ा दम, आतंकियों ने घर के बाहर मारी थी गोली

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 13, 2022, 03:14 PM IST

पुलिस कांस्टेबल रेयाज अहमद थोकर को आतंकियों ने पुलवामा के गुडरू स्थित उनके आवास के बाहर गोली मारी थी जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

Jammu Kashmir: कांस्टेबल रियाज अहमद ने अस्पताल में तोड़ा दम, आतंकियों ने घर के बाहर मारी थी गोली

पुलवामा: जम्मू कश्मीर में सुरक्षाबलों पर आतंकी हमले की घटनाएं रूकने का नाम नहीं ले रही है। ताजा मामला पुलवामा के गुडूरा से सामने आया है जहां गुरुवार को आतंकियों ने एक पुलिसकर्मी को गोली मार दी। घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया जहां उन्होंने शुक्रवार को दम तोड़ दिया।  कांस्टेबल रेयाज अहमद ठाकोर जब अपने घर पर थे तो आतंकवादियों ने उन्हें गोली मार दी इसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।

चौबीस घंटे के भीतर दूसरी हत्या

 रेयाज अहमद ठाकोर को शहर में स्थित सेना के 92 बेस अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर रूप से घायल होने के कारण उनकी मौत हो गई।
यह पिछले 24 घंटे में आतंकवादियों का दूसरा हमला है। इससे पहले, बडगाम जिले के चडूरा में बृहस्पतिवार को एक कश्मीरी पंडित सरकारी कर्मचारी की आतंकवादियों ने दफ्तर में गोली मारकर हत्या कर दी थी।

जारी है आतंकियों के खिलाफ सफाई अभियान

आपको बता दें कि कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ सुरक्षाबलों का अभियान भी जारी है। राज्य में फिलहाल कम से कम 168 आतंकवादी सक्रिय हैं जबकि 75 आतंकवादी इस साल मुठभेड़ में मारे गए । इस साल मारे गए आतंकवादियों में 21 विदेशी थे। अधिकारियों के मुताबिक गत 11 महीने में, नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास ही मुठभेड़ों में आतंकवादियों का सफाया किया गया और घुसपैठ की 12 कोशिशें नाकाम की गईं। पिछले साल 495 ओवर ग्राउंड वर्कर (आतंकवादी संगठनों के लिए काम करने वाले) पकड़े गए जबकि इस साल के शुरुआती चार महीनों में ही 87 ऐसे लोग पकड़े जा चुके हैं।

End of Article