आम आदमी पार्टी में शामिल हुए अशोक तंवर, केजरीवाल ने किया स्वागत, पिछले साल कांग्रेस से TMC में आए थे

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 4, 2022, 04:51 PM IST

Ashok Tanwar: कांग्रेस की हरियाणा इकाई के पूर्व प्रमुख अशोक तंवर आम आदमी पार्टी (AAP) में शामिल हो गए हैं। हरियाणा के सिरसा से सांसद रह चुके तंवर ने साल 2019 में कांग्रेस छोड़ दी थी। उन्होंने पिछले साल TMC भी ज्वॉइन की थी।

आम आदमी पार्टी में शामिल हुए अशोक तंवर, केजरीवाल ने किया स्वागत, पिछले साल कांग्रेस से TMC में आए थे

हरियाणा में कांग्रेस के पूर्व नेता अशोक तंवर आम आदमी पार्टी (AAP) में शामिल हो गए हैं। आप ने ट्वीट किया कि लोकसभा के पूर्व सांसद और हरियाणा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष श्री अशोक तंवर जी दिल्ली के मुख्यमंत्री श्री अरविंद केजरीवाल जी की उपस्थिति में आम आदमी पार्टी में शामिल हुए।

अशोक तंवर ने ट्वीट कर कहा कि जनप्रिय नेता श्री अरविंग केजरीवाल जी के कुशल नेतृत्व में जनहित में किए जा रहे कार्यों ने मुझे आम आदमी में शामिल होने के लिए प्रेरित किया है। मैं जनता की आवाज उठाना जारी रखते हुए पार्टी नेतृत्व के विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूंगा। 

इस पर केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी परिवार में आपका स्वागत है अशोक जी। छात्र राजनीति से लेकर संसद तक का आपका राजनीतिक अनुभव निश्चित ही हरियाणा और देश भर में पार्टी संगठन के लिए काफी मददगार साबित होगा। 

हरियाणा के सिरसा से पूर्व सांसद तंवर ने 2019 में कांग्रेस छोड़ दी थी। वह हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष थे और उन्होंने भारतीय युवा कांग्रेस और पार्टी के छात्र विंग एनएसयूआई के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया। अशोक तंवर पिछले साल टीएमसी में शामिल हुए थे। 2019 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में तंवर ने दुष्यंत चौटाला की जननायक जनता पार्टी (JJP) को अपना समर्थन दिया था और कांग्रेस के खिलाफ प्रचार किया था। टीएमसी में शामिल होने से पहले तंवर ने फरवरी 2021 में एक नई राजनीतिक पार्टी 'अपना भारत मोर्चा' भी लॉन्च की थी। 

पंजाब के बाद आम आदमी पार्टी हरियाणा की तैयारी में लग गई है। हरियाणा में 2024 में विधानसभा चुनाव होने हैं। तंवर की ज्वॉइनिंग को इसी क्रम में बड़ा कदम माना जा सकता है। ॉ

End of Article