बीजेपी अहंकार से भरी हुई है, आम आदमी पार्टी को मौका दें, भ्रष्टाचार खत्म कर देंगे, अहमदाबाद में बोले केजरीवाल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 2, 2022, 07:53 PM IST

अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान ने गुजरात के अहमदाबाद में तिरंगा यात्रा कर लोगों से कहा कि पंजाब की तरह हमें यहां मौका दें, भ्रष्टाचार खत्म कर दूंगा।

बीजेपी अहंकार से भरी हुई है, आम आदमी पार्टी को मौका दें, भ्रष्टाचार खत्म कर देंगे, अहमदाबाद में बोले केजरीवाल
Photo Credit: ANI

अहमदाबाद: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के उनके समकक्ष भगवंत मान ने गुजरात के लोगों से आम आदमी पार्टी (आप) को राज्य में शासन करने के लिए 'एक मौका' देने की अपील करने के बाद शनिवार को अहमदाबाद शहर में एक रोड शो शुरू किया। आप नेताओं ने भाजपा शासित राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों पर अपनी नजरें गड़ाए हुए एक मंदिर में खोडियार माता का आशीर्वाद लेने के बाद रथ के रूप में सजे एक ट्रक के ऊपर शहर के निकोल एरिया में दो किलोमीटर के रोड शो पर निकले। गुजरात के अहमदाबाद में तिरंगा यात्रा के दौरान आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमने दिल्ली में भ्रष्टाचार को खत्म कर दिया है। भगवंत मान ने 10 दिनों में पंजाब में भ्रष्टाचार को खत्म कर दिया है। अगर आप मुझ पर विश्वास नहीं करते हैं, तो पंजाब में अपने किसी भी दोस्त से पूछें।

इस दौरान केजरीवाल ने कहा कि वह राजनीति करना नहीं जानते, लेकिन भ्रष्टाचार को खत्म करना जानते हैं। आप नेता ने कहा कि दिल्ली में हमने भ्रष्टाचार खत्म किया, पंजाब में भगवंत मान ने 10 दिनों में भ्रष्टाचार खत्म किया। बीजेपी पर निशाना साधते हुए केजरीवाल ने कहा कि 25 साल के शासन के बाद, वे अहंकार से भरे हुए हैं। आम आदमी पार्टी को मौका दें, जैसे दिल्ली और पंजाब के लोगों ने दिया। अगर आपको पसंद नहीं होगा, तो सरकार बदलें और उन्हें फिर वापस लाएं।

दोनों नेताओं ने अपनी दो दिवसीय अहमदाबाद यात्रा की शुरुआत सुबह साबरमती के गांधी आश्रम में महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित कर की। रोड शो के दौरान दोनों नेताओं का उत्साहवर्धन करते हुए आप कार्यकर्ता और समर्थक सड़क के दोनों ओर खड़े थे, उनमें से कई ने हाथ में तिरंगा थामे रखा था।

End of Article