देश

Aaj Ki Taza Khabar, 10 जनवरी, 2023: देश और दुनिया की बड़ी खबरों पर नजर

  • Authored by: ललित राय
  • Updated Jan 11, 2023, 12:03 AM IST

Aaj Ki Taza Khabar, Today's Breaking News, Hindi News , Hindi Samachar Today- आज की ताजा खबर 10 जनवरी, 2023: देश और दुनिया की हर छोटी-बड़ी खबरों से रूबरू कराएंगे जिनका आप सबसे सीधा सरोकार है।

Image

आज की ताजा खबर 10 जनवरी 2022

Aaj Ki Taza Khabar, आज की ताजा खबर, 10 जनवरी, 2023 : जोशीमठ मामले में तुरंत सुनवाई करने से सुप्रीम कोर्ट ने इनकार कर दिया है। इन सबके बीच दो होटलों को गिराने की कार्रवाई शुरू हो चुकी है। इसके साथ ही जेएनयू की पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष शेहला रशीद के खिलाफ केस चलाने की दिल्ली के एलजी वी के सक्सेना ने अनुमति दे दी है। देश और दुनिया की उन तमाम खबरों से रूबरू कराएंगे जिसका आपसे सीधा सरोकार है। पढ़ें आज की ताजा खबरें

17वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन के तीसरे और अंतिम दिन इंदौर में समाप्त होने के करीब पहुंचने के साथ ही मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को इस आयोजन की मेजबानी पर प्रसन्नता व्यक्त की। साथ ही इसके समापन पर भावुक भी हो गए। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इंदौर शहर में कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी को अपनी बेटी की शादी की तैयारियों से तुलना की। चौहान ने कहा कि आयोजन के तीन दिन हर्षित और सुखद रहे, लेकिन समय ने उड़ान भरी और कार्यक्रम बहुत जल्दी समाप्त हो गया। उन्होंने कहा कि मैं आज भावुक हो रहा हूं। मेरा मन खुशी और आनंद से भर गया है। लेकिन दिल के एक कोने में उदासी है।

पाकिस्तानी सेना के प्रमुख जनरल सैयद असीम मुनीर सऊदी अरब की आधिकारिक यात्रा पर गए थे, इस दौरे के दौरान उनका वीडियो काफी वायरल हो रहा है, जिसमें वो पवित्र काबा के अंदर जियारत कर रहे हैं, बताते हैं कि पाकिस्तान आर्मी चीफ जनरल मुनीर के लिए काबा का दरवाजा खोल दिया गया।

यूं तो हर तारीख खास होता है लेकिन 10 जनवरी हिंदी भाषियों के लिए बेहद खास है। क्योंकि इस दिन विश्व हिंद दिवस मनाया जाता है। इसलिए हिंदी प्रेमी लोगों के लिए आज का दिन काफी महत्वपूर्ण है। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह ने हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिए 2006 में प्रति वर्ष 10 जनवरी को हिंदी दिवस मनाने की घोषणा की थी। तब से दुनिया भर में हिंदी को पसंद करने वाले लोग इस दिवस को मनाते हैं। तंजानिया के युवक युवतियों ने इस दिवस को मनाने के लिए मशहूर हिंदी कवि कुमार विश्वास की कविता का सहारा लिया। उसे गाकर विश्व हिंदी दिवस मनाया।

भारत-श्रीलंका वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में मंगलवार को विराट कोहली ने अपने बल्ले से एक और लाजवाब पारी निकाली। विराट कोहली ने नए साल में अपनी पहली ही पारी में शतक जड़ते श्रीलंकाई गेंदबाजों को बेबस कर दिया। ये विराट कोहली के वनडे करियर का 45वां शतक साबित हुआ जिसने सबका दिल जीत लिया। जिन करोड़ों लोगों का दिल विराट ने जीता है, उनमें महान सचिन तेंदुलकर भी शामिल हैं, जिनके रिकॉर्ड के और करीब पहुंच गए हैं विराट कोहली।

उत्तर प्रदेश सरकार के उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी इटालियन (Italian) है, वह इस देश के नाम पर धब्बा हैं और हमारा कर्तव्य है कि हम हर अंतिम अंग्रेज को इस देश से बाहर करेंगे। उन्होंने आगे कहा-'रायबरेली की जनता ने सोनिया गांधी को नकार दिया है, जीतने के बाद आज तक कभी वहां के लोगों के बीच नहीं गईं तो यह बाहरी नहीं तो और क्या हैं।'

राजधानी दिल्ली में उस वक्त सुरक्षा दावों की पोल खुल गई जब मंगलवार को दिनदहाड़े ATM कैश वैन से आठ लाख रूपये लूटने का मामला सामने आया है, इस घटना से हड़कंप मच गया है, घटना के दौरान गार्ड की गोली मारकर हत्या भी कर दी गई, पुलिस अब सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने मंगलवार को कम लागत वाली एयरलाइन गो फर्स्ट (Go First) को 55 यात्रियों को छोड़कर उड़ान भरने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया। विमान ने सोमवार को बेंगलुरु एयरपोर्ट पर दिल्ली जाने वाले 55 यात्रियों को छोड़कर उड़ान भर दी। नियामक ने घटना की रिपोर्ट मांगी थी, जो मंगलवार को गो फर्स्ट ने प्रस्तुत की। नियामक ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह सामने आया है कि एयरलाइन डीजीसीए के नियमों का पालन करने में विफल रहा।

एक IPS अधिकारी ने ट्वीट कर फिल्म एक्टर द्वारा पुलिस की वर्दी पहनने के स्टाइल पर सवाल खड़े किए हैं, उनके इस ट्वीट की खासी चर्चा हो रही है।भारतीय फिल्मों में अक्सर आपने पुलिस की भूमिका निभाने वाले कलाकारों को देखा होगा, वो रोल करते समय अक्सर पुलिस की वर्दी भी पहने रहते हैं।

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने विदेशों में भारतीय टैलेंट और क्रिएटिविटी की भूमिका की सराहना की। उन्होंने इंदौर में 17वें प्रवासी भारतीय दिवस को संबोधित करते हुए कहा कि प्रवासी भारतीयों ने कई क्षेत्रों में समर्पण, प्रतिबद्धता और दृढ़ता की असाधारण गुणवत्ता का प्रदर्शन किया है। विदेश मंत्री ने कहा कि विदेशों में भारतीय नागरिकों की उनके योगदान, सफलताओं और उपलब्धियों के परिणामस्वरूप उनके संबंधित समाजों में एक सराहनीय प्रतिष्ठा है। उन्होंने कहा कि विदेश में सर्वश्रेष्ठ भारतीय टैलेंट और क्रिएटिविटी का प्रतिनिधित्व करते हुए हमारे डायस्पोरा ने कई क्षेत्रों में समर्पण, प्रतिबद्धता और दृढ़ता की असाधारण गुणवत्ता का प्रदर्शन किया है।

पाकिस्तानी अभिनेत्री और मॉडल सैयदा मेहरीन शाह ने निर्देशक अहसान अली जैदी और भारतीय निर्माता राज गुप्ता के खिलाफ यौन उत्पीड़न के चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं,ऐसा मीडिया रिपोर्टों के हवाले से खबर है।अभिनेत्री ने खुलासा किया कि अज़रबैजान (Azerbaijan) की राजधानी बाकू (Baku) में एक शूटिंग के दौरान निर्देशक और फिल्म क्रू द्वारा उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया था।

भारतीय क्रिकेट टीम के सबसे सफल बल्लेबाज विराट कोहली ने गुवाहाटी में खेले जा रहे साल 2023 के पहले वनडे मैच में श्रीलंका के खिलाफ धमाकेदार बल्लेबाजी की है। मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। रोहित शर्मा (83) और शुभमन गिल (70) ने पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी करते हुए समां बांध दिया था। उसके बाद विराट कोहली की पिच पर एंट्री हुई और उन्होंने आते ही धमाकेदार बल्लेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद देखते-देखते 80 गेंदों में अपना 45वां वनडे शतक पूरा किया। ये उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का 73 वां शतक है।

बिहार में शराबबंदी लागू है मगर बावजूद इसके यहां ना शराब की कमी है और ना ही शराब से लगातार होने वाली मौतों की, ताजा मामला सामने आया है राज्य के मुजफ्फरपुर से जहां बीच सड़क के बीच गड्डा खोदकर वहां शराब का स्टॉक रखा गया था मगर उत्पाद विभाग की टीम को खबर लग गई और उसने बीच सड़क में तहखाना बनाकर रखी शराब को जब्त कर लिया, इस मामले की खासी चर्चा हो रही है।

बेंगलुरु में आउटर रिंग रोड पर नागवारा के पास मंगलवार सुबह एक निर्माणाधीन मेट्रो का पिलर गिर जाने से एक महिला और उसके एक बच्चे की मौत हो गई। जहां महिला और उसके ढाई साल के बच्चे ने अस्पताल में दम तोड़ दिया, वहीं उसके पति और बेटी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के समय चारों बाइक पर सवार थे। भीमाशंकर एस गुलेड डीसीपी पूर्वी बेंगलुरु ने कहा कि आज सुबह करीब 10:45 बजे, जब दंपति अपने जुड़वा बच्चों के साथ हेब्बल की ओर जा रहे थे, तभी बाइक पर मेट्रो का पिलर गिर गया। मां तेजस्विनी और बेटा विहान गंभीर रूप से घायल हो गए।

पाकिस्तान के चुनाव आयोग से इमरान खान को बड़ा झटका लगा है। इसीपी ने मंगलवार को पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ के मुखिया एवं पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान, असद उमर और फवाद चौधरी के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया है। यह वारंट मानहानि के मामले में जारी हुआ है। केस की सुनवाई करते हुए निसार दुरानी की अगुवाई वाली चार सदस्यीय बेंच ने अपना फैसला सुनाया। बता दें कि गत अगस्त में ईसीपी ने पीटीआई के नेताओं के खिलाफ मानहानि का नोटिस दिया था।

उत्तराखंड का एक पूरा कस्बा जोशीमठ धंस रहा है। हाड़ कंपाती ठंड में वहां के वाशिंदे अपने घरों को एक तरफ देखते हैं तो दूसरी तरफ आस सरकारी मदद पर है। सरकार अपनी रफ्तार से मदद करने के साथ भरोसा दे रही है नुकसान नहीं होने देंगे। इन सबके बीच मामला देश की सर्वोच्च अदालत में पहुंता। अदालत ने मामले को सुना और बड़ी टिप्पणी की। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि हर जरूरी चीज को हमारे पास लाने की जरूरत नहीं है, और भी संस्थाएं हैं जिनके दरवाजे को खटखटाना चाहिए। इस टिप्पणी के साथ अदालत ने तत्काल सुनवाई करने से इनकार किया। बता दें कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की तरफ से याचिका दायर की गई थी। अदालत ने कहा कि हर जरूरी चीज सीधे अदालत की दहलीज पर आए यह जरूरी नहीं होना चाहिए। इसके साथ ही अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 16 जनवरी की तारीख मुकर्रर कर दी।

जेएनयू की पूर्व उपाध्यक्ष रहीं शेहला रशीद(Shehla Rashid Case) पर केस चलाने का रास्ता साफ हो गया है। दिल्ली के उपराज्याल वी के सक्सेना ने केस चलाए जाने की अनुमति दे दी है। मामला 2019 में भारतीय फौज के खिलाफ ट्वीट पर समाज में नफरत फैलाने का है। शेहला रशीद 2016 में तब चर्चा में आईं जब जेएनयू कैंपस में देश विरोधी नारे लगे। उस समय कन्हैया कुमार छात्रसंघ के अध्यक्ष थे। उस मामले में कन्हैया कुमार की गिरफ्तारी हुई हालांकि वो कानूनी कार्रवाई से बचने में कामयाब रहीं। ये बात अलग है कि 2016 के बाद अलग अलग मौकों पर वो जहर उगलती रहीं।

जोशीमठ में क्षतिग्रस्त इमारतों एवं होटल को गिराने के लिए प्रशासन की टीम पहुंच गई है। दो होटलों मलारी इन एवं होटल माउंट व्यू को बुलडोजर से गिराया जाएगा। सर्वे के बाद अधिकारियों ने इन दोनों होटलों को असुरक्षित पाया। इन होटलों को थोड़ी देर में गिराने का काम शुरू होगा। मौके पर एसडीआरएफ की टीमें तैनात हैं। लाउडस्पीकर से लोगों को सुरक्षित जगहों पर जाने के लिए कहा गया है। होटल मलारी इन के मालिक ठाकुर सिंह राणा ने कहा कि यदि होटल को आम लोगों के हित में गिराया जा रहा है तो वह सरकार एवं प्राशासन के साथ है। राणा ने कहा कि होटल को गिराए जाने से पहले उन्हें नोटिस दिया जाना चाहिए था और उनकी इस संपत्ति का आंकलन होना चाहिए था। राणा ने कहा कि वह अपने होटल का प्रशासन द्वारा आंकलन चाहते हैं।

बम की खबर के बाद मॉस्को- गोवा फ्लाइट की गुजरात के जामनगर में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। हालांकि जांच में कुछ भी संदिग्ध सामान नहीं मिला। विमान में कुल 236 यात्री सवार थे और सबको सुरक्षित विमान से उतार लिया गया था। फ्लाइट के मंगलवार सुबह 11 बजे उड़ान भरने की संभावना है। जानकारी मिलने के बाद सभी बैग्स की तलाशी ली गई। जामनगर के कलेक्टर सौरभ पारघी ने कहा कि विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने नौ घंटे तक हवाईअड्डे की घेराबंदी की और विमान की सघन जांच की गई।

राजधानी दिल्ली कड़ाके की ठंड एवं घने कोहरे की चपेट में तो थी ही अब प्रदूषण ने भी इसका बुरा हाल कर रखा है। मंगलवार सुबह प्रदूषण का स्तर (AQI) 418 दर्ज किया गया जो कि 'गंभीर' श्रेणी है। प्रदूषण के बढ़ते स्तर को नियंत्रित करने के लिए दिल्ली सरकार ने सोमवार को सड़कों पर बीएस-III पेट्रोल और बीएस-IV डीजल से चलने वाले फोर व्हीलर्स पर 12 जनवरी तक रोक लगा दी। दिल्ली में बीते कुछ दिनों से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सुबह के समय घने कोहरे की वजह से दृश्यता घटकर 50 मीटर तक आती रही है। अब बढ़ा हुआ प्रदूषण का स्तर लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर डाल रहा है।

बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव का क्रिकेट प्रेम फिर सामने आया है। वह रविवार सुबह नेट्स पर क्रिकेट की प्रैक्टिस करते नजर आए। राजद नेता ने इसका एक वीडियो ट्विटर पर शेयर किया। इस वीडियो में वह पैड, गलव्स और कैप पहने नजर आए। अपने पोस्ट में डिप्टी सीएम ने कहा कि वह बिहार के युवा क्रिकेट खिलाड़ियों के साथ अभ्यास कर रहे हैं। उन्होंने कहा, 'मैं आपकी क्रिकेट की भावना एवं लक्ष्य का सम्मान करता हूं।'

आसनसोल के सांसद एवं अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा का कांग्रेस की भारत जोड़ा यात्रा पर दिया गया बयान तृणमूल कांग्रेस को पसंद नहीं आया है। पार्टी ने अपने सांसद के बयान से दूरी बना ली है। सिन्हा ने भारत जोड़ो यात्रा की प्रशंसा की है। दरअसल, इस यात्रा की प्रशंसा करते हुए सिन्हा ने इसे 'क्रांतिकारी' बताया है। शत्रुघ्न ने कहा, 'राहुल गांधी युवाओं के लिए एक आदर्श के रूप में उभरे हैं। उनकी छवि अब पूरी तरह से बदल गई है। कुछ लोग राहुल की छवि खराब करना चाहते हैं लेकिन वह देश के एक गंभीर नेता के रूप में सामने आए हैं।'

सोचिए, आप फ्लाइट पकड़ने के लिए एयरपोर्ट पर हों, सारी प्रक्रिया पूरी हो चुकी हो, बस से प्लेन के लिए निकल लगे हो और फिर रनवे पर पहुंचने पर पता चलता है कि विमान तो जा चुकी है, आपको छोड़कर। कुछ ऐसी ही कहानी बेंगलुरु एयरपोर्ट पर 50 से ज्यादा यात्रियों के साथ हुई है। इस मामले के सामने आने पर डीजीसीए ने रिपोर्ट भी मांगी है।

ललित राय
ललित राय author

खबरों को सटीक, तार्किक और विश्लेषण के अंदाज में पेश करना पेशा है। पिछले 10 वर्षों से डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव है।और देखें

End of Article