Delhi AQI : राजधानी दिल्ली कड़ाके की ठंड एवं घने कोहरे की चपेट में तो थी ही अब प्रदूषण ने भी इसका बुरा हाल कर रखा है। मंगलवार सुबह प्रदूषण का स्तर (AQI) 418 दर्ज किया गया जो कि 'गंभीर' श्रेणी है। प्रदूषण के बढ़ते स्तर को नियंत्रित करने के लिए दिल्ली सरकार ने सोमवार को सड़कों पर बीएस-III पेट्रोल और बीएस-IV डीजल से चलने वाले फोर व्हीलर्स पर 12 जनवरी तक रोक लगा दी। दिल्ली में बीते कुछ दिनों से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सुबह के समय घने कोहरे की वजह से दृश्यता घटकर 50 मीटर तक आती रही है। अब बढ़ा हुआ प्रदूषण का स्तर लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर डाल रहा है।
बुधवार तक बना रह सकता है धुंध का मौसम
मौसम विभाग का कहना है कि राजधानी में धुंध का मौसम बुधवार तक बना रह सकता है, हालांकि इसमें मंगलवार रात से थोड़ी कमी देखने को मिल सकती है। दिल्ली में नए साल के मौके पर ठंड एवं शीतलहर का जो दौर शुरू हुआ वह अभी थमा नहीं है। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली में लगातार पांच दिनों तक शीत लहर चली है। साल 2013 के बाद न्यूनतम तापमान का यह सबसे लंबा दौर है।
उत्तर रेलवे की 36 ट्रेनें देरी से चल रहीं
घने कोहरे का असर उत्तर भारत में चलने वाली ट्रेनों पर पड़ा है। कोहरे के चलते उत्तर रेलवे की करीब 36 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। बीते कुछ दिनों से ट्रेनें 12 घंटे की देरी से चल रही हैं जिससे यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है। नई दिल्ली स्टेशन पर एक यात्री ने कहा कि उसे गोरखपुर जाना था लेकिन उसकी ट्रेन चार-पांच घंटे की देरी से चल रही है।
आर्द्रता की वजह से प्रदूषण बढ़ा
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने कहा कि कम तापमान, धीमी हवाएं और अधिक आर्द्रता की वजह से प्रदूषण बढ़ गया है।सीएक्यूएम ने वायु प्रदूषण में अचानक वृद्धि को देखते हुए दिल्ली तथा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से लगते हरियाणा, उत्तर प्रदेश तथा राजस्थान राज्यों के अधिकारियों के साथ आकस्मिक समीक्षा बैठक बुलाई और उन्हें क्रमिक प्रतिक्रिया कार्य योजना (ग्रैप) के प्रावधान पूरे जोश के साथ लागू करने का निर्देश दिया। आयोग ने प्रदूषण रोधी योजना के क्रियान्वयन के लिए पर्याप्त निरीक्षण दल तैनात करने की भी जरूरत बताई।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
