दुनिया

'यूक्रेन के जवानों को धन्यवाद...', जेलेंस्की की सेना ने रूसी युद्धपोत 'मर्करी' को किया तबाह-यूक्रेनी राष्ट्रपति का बड़ा दावा

रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग अब भूमध्य सागर तक पहुंचती दिखाई दे रही है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने दावा किया है कि यूक्रेनी सेना ने लीबिया के बेनगाजी नौसैनिक अड्डे पर सात समुद्री ड्रोन से रूसी युद्धपोत 'मर्करी' को निशाना बनाकर डुबो दिया। हालांकि, लीबियाई अधिकारियों ने जहाज को भारी नुकसान पहुंचने की पुष्टि की है, लेकिन उसके डूबने की नहीं। हमले में कम से कम 10 लोग घायल हुए हैं।

Image

यूक्रेन ने 7 समुद्री ड्रोन से रूसी युद्धपोत 'मर्करी' को बनाया निशाना: जेलेंस्की का दावा । AP

Photo : AP

रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग अब हजारों किलोमीटर दूर भूमध्य सागर तक पहुंचती दिखाई दे रही है। यूक्रेन ने लीबिया के एक नौसैनिक अड्डे पर खड़े रूसी युद्धपोत को निशाना बनाने का दावा किया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने सोमवार को इस हमले को बड़ी कामयाबी बताया। उनके मुताबिक, यूक्रेनी सेना ने सात समुद्री ड्रोन की मदद से रूसी नौसेना के युद्धपोत 'मर्करी' पर हमला किया और उसे डुबो दिया।

हालांकि, लीबिया के अधिकारियों के मुताबिक, हमले में युद्धपोत को भारी नुकसान पहुंचा है, लेकिन उसके डूबने की पुष्टि नहीं की गई है। अधिकारियों ने बताया कि कम से कम दो समुद्री ड्रोन युद्धपोत से टकराए, जबकि चार अन्य को रोक लिया गया। इस हमले में लीबियाई और रूसी नागरिकों समेत कम से कम 10 लोग घायल हुए हैं।

2,400 किलोमीटर दूर जाकर रूसी युद्धपोत को बनाया निशाना

एसोसिएटेड प्रेस (AP) की रिपोर्ट के मुताबिक, यह हमला यूक्रेन के मोर्चे से करीब 2,400 किलोमीटर दूर पूर्वी लीबिया के बेनगाजी नौसैनिक अड्डे पर किया गया। यहां रूसी युद्धपोत मर्करी खड़ा था। जेलेंस्की ने बताया कि इस अभियान में सात समुद्री ड्रोन तैनात किए गए थे।

यूक्रेन के राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि अभियान के लिए तय किए गए लक्ष्य हासिल कर लिए गए हैं। उन्होंने इस ऑपरेशन को 'उदाहरणीय' बताया। दूसरी तरफ, रूसी राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने हमले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर रूस का रक्षा मंत्रालय इस बारे में जानकारी देगा।

रूस के नए युद्धपोतों में शामिल था 'मर्करी'

यूक्रेन के मुताबिक, जिस युद्धपोत को निशाना बनाया गया, उसका नाम 'मर्करी' है। यह रूस की नौसेना के नए जहाजों में शामिल है। इसे रूस के 2022 में यूक्रेन पर पूर्ण पैमाने पर हमले शुरू करने के एक साल बाद नौसेना में शामिल किया गया था।

यूक्रेन की सुरक्षा सेवा (SBU) के मुताबिक, मर्करी रूसी नौसैनिक काफिलों की सुरक्षा करता था। इनमें रूसी मालवाहक जहाज MV Angara भी शामिल था। यूक्रेन का आरोप है कि इस जहाज का इस्तेमाल रूसी सैन्य उपकरणों को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने के लिए किया जाता था।

एसबीयू ने दावा किया कि हमले में समुद्री ड्रोन को एक तय स्थान तक पहुंचाया गया और फिर वहां से एक 'मदर शिप' के जरिए लॉन्च किया गया। रूसी रक्षा प्रणालियों ने ड्रोन को रोकने की कोशिश की, लेकिन हमला हुआ।

लीबियाई अधिकारियों ने क्या बताया?

लीबिया के अधिकारियों के मुताबिक, हमले के दौरान कम से कम चार ड्रोन को बीच में ही रोक लिया गया, जबकि दो ड्रोन रूसी युद्धपोत से टकराए। इससे जहाज को गंभीर नुकसान पहुंचा। अधिकारियों ने यह भी बताया कि हमले में कम से कम 10 लोग घायल हुए हैं, जिनमें रूसी और लीबियाई नागरिक शामिल हैं।

ब्रिटेन की समुद्री सुरक्षा और जोखिम खुफिया कंपनी एम्ब्रे (Ambrey) के मुताबिक, बेनगाजी नौसैनिक अड्डे पर हुए कुछ धमाकों की वजह मर्करी पर रखे गोला-बारूद में विस्फोट हो सकता है। हमले के बाद पूर्वी लीबिया के अधिकारियों ने बताया कि युद्धपोत वहां ईंधन भरवाने और जरूरी सामान लेने के लिए रुका था। यह ठहराव रूस और लीबिया की पूर्वी सरकार के बीच हुए समझौते के तहत हुआ था।

लीबिया ने संयुक्त राष्ट्र से जांच की मांग की

हमले के बाद लीबिया की पूर्वी सरकार ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को पत्र भेजा है। इसमें पश्चिमी लीबिया की जमीन का इस्तेमाल हमले की तैयारी और उसे अंजाम देने के लिए किए जाने की आशंका की अंतरराष्ट्रीय जांच कराने की मांग की गई है।

यूक्रेनी सैन्यकर्मी पहले से ही पश्चिमी लीबिया में मौजूद हैं। इनमें ज्यादातर ड्रोन विशेषज्ञ बताए गए हैं। लीबियाई अधिकारियों ने पहले जानकारी दी थी कि यूक्रेनी कर्मी मुख्य रूप से तटीय शहर मिसराता के एक एयरबेस पर काम कर रहे थे। इसके अलावा त्रिपोली और जविया में भी उनकी मौजूदगी थी।

रूस के तेल ठिकानों और जहाजों पर भी यूक्रेन के हमले

जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन रूस के खिलाफ अपनी सैन्य कार्रवाई जारी रखेगा। उन्होंने नाटो संसदीय सभा की बर्लिन में हुई बैठक को संबोधित करते हुए बताया कि यूक्रेनी सेना पश्चिमी साइबेरिया तक रूसी तेल रिफाइनरियों और भूमध्य सागर में रूसी युद्धपोतों को निशाना बना चुकी है।

उन्होंने रूसी मालवाहक जहाज MV Angara पर हमले का भी जिक्र किया। जेलेंस्की के मुताबिक, यूक्रेनी सेना ने मर्करी पर मौजूद एक Ka-27 सैन्य हेलीकॉप्टर को भी नष्ट कर दिया। इसी बीच रूस के रोस्तोव क्षेत्र में एक तेल रिफाइनरी पर यूक्रेनी ड्रोन और मिसाइल हमले की खबर भी सामने आई। क्षेत्रीय गवर्नर यूरी स्ल्यूसर ने इसे छह घंटे से ज्यादा चला बड़ा हमला बताया। यूक्रेन के जनरल स्टाफ के मुताबिक, हमले के बाद रिफाइनरी में आग लग गई और वहां कामकाज रोकना पड़ा।

यूक्रेन के हमलों के बीच रूस का जवाबी हमला भी जारी

एक तरफ यूक्रेन रूस के सैन्य और ऊर्जा ठिकानों को निशाना बनाने का दावा कर रहा है, वहीं रूस के हमलों से यूक्रेन में भी भारी नुकसान हो रहा है। यूक्रेन की क्षेत्रीय पुलिस के मुताबिक, कीव के पास एक गांव में पांच मंजिला अपार्टमेंट इमारत पर रूसी हमले में 11 लोगों की मौत हो गई। बचावकर्मियों ने मलबे से सात साल के बच्चे और 79 साल की महिला को जिंदा बाहर निकाला।

दक्षिणी यूक्रेन के जापोरिज्जिया शहर में एक अस्पताल पर रूसी हमले में तीन लोगों की मौत हुई। वहीं, पूर्वी शहर क्रामाटोर्स्क से लोगों को निकालने में इस्तेमाल हो रहे एक वाहन पर हमले में दो अन्य लोगों की जान चली गई।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article