देश

बेंगलुरु में मेट्रो का पिलर गिरा, बाइक पर सवार मां-बेटे की दर्दनाक मौत, कांग्रेस बोली- यह '40% कमीशन' सरकार का परिणाम है

  • Written by: रामानुज सिंह
  • Updated Jan 10, 2023, 04:20 PM IST

बेंगलुरु में आउटर रिंग रोड पर नागवारा के पास निर्माणाधीन मेट्रो का पिलर गिरने से बाइक पर सवार दंपत्ति और उनके दो बच्चे चपेट में आ गए। महिला और उनके एक बच्चे की मौत हो गई। कांग्रेस ने कर्नाटक सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह '40% कमीशन' सरकार का परिणाम है।

Image

निर्माणाधीन मेट्रो का पिलर गिरने से दो की मौत

Photo : Times Now Digital

बेंगलुरु: बेंगलुरु में आउटर रिंग रोड पर नागवारा के पास मंगलवार सुबह एक निर्माणाधीन मेट्रो का पिलर गिर जाने से एक महिला और उसके एक बच्चे की मौत हो गई। जहां महिला और उसके ढाई साल के बच्चे ने अस्पताल में दम तोड़ दिया, वहीं उसके पति और बेटी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के समय चारों बाइक पर सवार थे। भीमाशंकर एस गुलेड डीसीपी पूर्वी बेंगलुरु ने कहा कि आज सुबह करीब 10:45 बजे, जब दंपति अपने जुड़वा बच्चों के साथ हेब्बल की ओर जा रहे थे, तभी बाइक पर मेट्रो का पिलर गिर गया। मां तेजस्विनी और बेटा विहान गंभीर रूप से घायल हो गए। एल्टिस अस्पताल में शिफ्ट किया गया जहां दोनों ने दम तोड़ दिया। डीसीपी ने कहा कि फोरेंसिक एक्सपर्ट घटना स्थल पर हैं और जांच कर रहे हैं। कांग्रेस ने कर्नाटक सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह '40% कमीशन' सरकार का परिणाम है।

टाइम्स नाउ के पास सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद दुर्घटना का फुटेज है। वीडियो में दोपहिया वाहन पर सवार परिवार को दिखाया गया है जब निर्माणाधीन मेट्रो का खंभा उन पर गिरता हुआ देखा जा सकता है। घटना में महिला का पति, जिसकी बाइक पर वे यात्रा कर रहे थे वे भी घायल हो गए। घटना आज सुबह बेंगलुरु के नागवारा इलाके की है।

हादसे में महिला तेजस्वनी और उसका बेटा विहान गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। तेजस्वनी के पति लोहित और बेटी का इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने कहा कि लोहित बाइक चला रहा था और तेजस्विनी पीछे बैठी थी, दोनों ने हेलमेट पहन रखा था। घटना में मरने वाली महिला के ससुर विजयकुमार ने कहा कि मेट्रो पिलर निर्माण के प्रभारी ठेकेदार ने सुरक्षा उपाय नहीं किए। घटना स्थल पर निर्माण कार्य तुरंत रुकना चाहिए।

इस घटना से शहर में भारी प्रोटेस्ट हुआ और लोगों ने गड्ढों की समस्या की शिकायत की। इस दुर्घटना के लिए विपक्ष द्वारा राज्य सरकार की आलोचना करने के साथ राजनीतिक गतिरोध भी छिड़ गया। कर्नाटक कांग्रेस प्रमुख डीके शिवकुमार ने कहा कि यह '40% कमीशन' सरकार का परिणाम है। विकास कार्यों में कोई गुणवत्ता नहीं है। बीजेपी ने आश्वासन दिया है कि मामले की जांच की जाएगी। कर्नाटक के सीएम बसवराज बोम्मई ने कहा कि हम जांच करेंगे कि घटना कैसे हुई, और प्रभावित परिवार को मुआवजा देंगे।

BMRCL के एमडी अंजुम परवेज ने कहा कि जब निर्माण की बात आती है तो हम उच्चतम गुणवत्ता मानकों का पालन करते हैं, विस्तृत जांच की जाएगी और देखेंगे कि यह तकनीकी त्रुटि थी या मानव निर्मित। ऐसी घटनाओं को फिर से होने से रोकने के लिए कदम उठाए जाएंगे। सड़क पर पिलर गिर गया और एक महिला व उसका बच्चा बुरी तरह घायल हो गए और उनकी मौत हो गई। यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। पीड़ितों के परिजनों को 20 लाख की अनुग्रह राशि देंगे।

रामानुज सिंह
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article