प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर भारत आए बालेन शाह ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने विकास, व्यापार, ऊर्जा, कनेक्टिविटी, शिक्षा और सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की। मुलाकात में भारत ने नेपाल को 15 हजार करोड़ रुपये की विकास सहायता देने का एलान किया। इसके अलावा नेपाल में IIT कैंपस स्थापित करने, नई रेल लाइन बिछाने और ऊर्जा परियोजनाओं को आगे बढ़ाने पर भी सहमति बनी।
दोनों देशों ने 'विकसित भारत और समुन्नत नेपाल' के साझा विजन को भी अपनाया। सवाल है कि इन समझौतों से भारत और नेपाल के रिश्तों में क्या बदलाव आ सकता है? क्या इससे दोनों देशों के बीच आर्थिक और रणनीतिक सहयोग को नई दिशा मिलेगी? आइए समझते हैं इस मुलाकात के पांच बड़े मायने...
15 हजार करोड़ रुपये की मदद- नेपाल को कैसे मिलेगा फायदा?
इस यात्रा का सबसे बड़ा एलान भारत की ओर से नेपाल को 15 हजार करोड़ रुपये की विकास सहायता देना है। यह पूरी रकम अनुदान के रूप में नहीं दी जाएगी,बल्कि इसे दो हिस्सों में बांटा गया है। इनमें अनुदान के रूप में 3,500 करोड़ रुपये दिए जाएंगे, जो आपदा के बाद पुनर्निर्माण और नए इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट में खर्च होंगे। इसके अलावा, भारत नेपाल को 11,500 करोड़ रुपये की क्रेडिट लाइन देगा। यानी इसे सीधे मुफ्त आर्थिक मदद नहीं कहा जा सकता। इस राशि का इस्तेमाल ऊर्जा परियोजनाओं के लिए किया जाएगा और इससे जुड़े प्रोजेक्ट और शर्तें दोनों देशों की आपसी बातचीत से तय होंगी।
दरअसल, अगस्त 2026 में नेपाल के रासुवा-भोटेकोशी इलाके में आई बाढ़ और मलबे के बहाव से काफी नुकसान हुआ था। भारत ने राहत और बचाव कार्यों में मदद की थी। अब पुनर्निर्माण के लिए अतिरिक्त सहायता देने का फैसला किया गया है।
इसके अलावा चितवन में भारत की अनुदान सहायता से एग्रो-इंडस्ट्रियल पार्क स्थापित करने पर भी सहमति बनी है। इससे कृषि आधारित उद्योगों, खाद्य प्रसंस्करण और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने की उम्मीद है।
भारत-नेपाल के बीच हुए समझौते।
नेपाल में खुलेगा IIT कैंपस, युवाओं को क्या मिलेगा?
भारत और नेपाल के बीच इस मुलाकात का एक बड़ा पहलू शिक्षा और तकनीकी सहयोग भी है। दोनों देशों ने नेपाल में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान यानी IIT का ऑफशोर कैंपस स्थापित करने पर सहमति जताई है। इसका मकसद नेपाल के युवाओं को अपने देश में ही उच्च स्तरीय तकनीकी शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना है। अभी तकनीकी और उच्च शिक्षा के लिए बड़ी संख्या में विद्यार्थी विदेशों का रुख करते हैं। नेपाल में IIT कैंपस खुलने से इंजीनियरिंग, रिसर्च और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में नए अवसर पैदा हो सकते हैं।
इसके साथ ही दोनों देशों ने स्टार्टअप, डिजिटल सेवाओं और वित्तीय कनेक्टिविटी में सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया है। नेपाली छात्रों के लिए कानून, तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे नए क्षेत्रों में स्कॉलरशिप और ट्रेनिंग के अवसर बढ़ाने की दिशा में भी काम करने की बात कही गई है।
भारत की ओर से नेपाल में व्यावसायिक प्रशिक्षण संस्थान स्थापित करने और युवाओं को मैन्युफैक्चरिंग, सर्विस सेक्टर और उद्यमिता से जुड़ा प्रशिक्षण देने का प्रस्ताव भी साझा विजन में शामिल है।
यह सहयोग केवल शिक्षा तक सीमित नहीं रहेगा। दोनों देशों ने सैटेलाइट कम्युनिकेशन, अंतरिक्ष तकनीक, आपदा प्रबंधन और नेपाली भाषा के लिए AI आधारित तकनीक विकसित करने जैसे क्षेत्रों में भी साझेदारी बढ़ाने का खाका तैयार किया है।
कनेक्टिविटी पर जोर
भारत और नेपाल के बीच भौगोलिक नजदीकी के बावजूद परिवहन और व्यापारिक कनेक्टिविटी लंबे समय से अहम मुद्दा रही है। नई दिल्ली में हुई मुलाकात में दोनों देशों ने सड़क, रेल, हवाई मार्ग और बंदरगाहों के जरिए संपर्क बढ़ाने पर सहमति जताई।
इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी और बालेन शाह ने अयोध्या और जनकपुर के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस रेल सेवा को हरी झंडी भी दिखाई। अयोध्या भगवान राम की जन्मभूमि और जनकपुर माता सीता की जन्मस्थली के रूप में धार्मिक महत्व रखते हैं। ऐसे में इस रेल सेवा से रामायण सर्किट के तहत धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिल सकता है।
सरयू-कमला एक्सप्रेस रेल सेवा को दिखाई हरी झंडी।
एक और महत्वपूर्ण परियोजना रक्सौल-काठमांडू इलेक्ट्रिफाइड ब्रॉडगेज रेलवे लाइन है। दोनों देशों ने इस प्रस्तावित रेल लाइन के फील्ड लोकेशन सर्वे को अंतिम रूप दिए जाने की घोषणा की। इसके अलावा नेपाल में ईस्ट-वेस्ट रेलवे के विकास में भी भारत सहयोग करेगा।
सीमा पर व्यापार और आवागमन को आसान बनाने के लिए इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (ICP) का विस्तार किया जाएगा। बनबसा में नए ICP की आधारशिला रखी गई है। भैरहवा, सुनौली और दोधारा-चांदनी में भी इन सुविधाओं के निर्माण में प्रगति का स्वागत किया गया।
इसके अलावा धर्चुला और दार्चुला के बीच महाकाली नदी पर नया मोटरेबल पुल शुरू किया गया है। इससे भारत और पश्चिमी नेपाल के बीच सीधा संपर्क बेहतर होगा।
हवाई संपर्क को लेकर भी अहम फैसला हुआ है। काठमांडू-भैरहवा-लखनऊ के बीच मौजूदा एकतरफा B345 हवाई मार्ग को दोनों दिशाओं में संचालित करने पर सहमति बनी है। इससे उड़ानों और यात्रियों की आवाजाही के लिए नए विकल्प खुल सकते हैं।
व्यापार के लिहाज से भारत ने नेपाल को गुजरात के दीनदयाल पोर्ट (कांडला) के रास्ते ट्रांजिट सुविधा देने की घोषणा की है। जरूरी बुनियादी ढांचा तैयार होने के बाद ओडिशा के पारादीप पोर्ट तक भी नेपाल की पहुंच उपलब्ध कराई जाएगी। इसका मकसद नेपाल के आयात-निर्यात के लिए वैकल्पिक समुद्री रास्ते उपलब्ध कराना है।
बिजली और पेट्रोलियम: भारत के लिए नेपाल क्यों अहम?
नेपाल के पास जलविद्युत उत्पादन की काफी संभावनाएं हैं। भारत के लिए यह क्षेत्र इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि नेपाल से बिजली खरीदने और ऊर्जा सहयोग बढ़ाने से दोनों देशों को फायदा हो सकता है।
मुलाकात में दोनों प्रधानमंत्रियों ने 669 मेगावाट की लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना की आधारशिला रखी। इसके अलावा पंचेश्वर बहुउद्देश्यीय परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) को जल्द अंतिम रूप देने और निर्माण शुरू करने की दिशा में आगे बढ़ने पर सहमति बनी।
सप्तकोशी और सुनकोशी बहुउद्देश्यीय परियोजनाओं की DPR पर भी काम तेज करने की बात कही गई। इन परियोजनाओं से बिजली उत्पादन के साथ बाढ़ नियंत्रण और जल संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल में मदद मिल सकती है।
भारत और नेपाल के बीच बिजली पहुंचाने के लिए दो हाई-कैपेसिटी क्रॉस-बॉर्डर ट्रांसमिशन लाइनों पर भी काम आगे बढ़ रहा है। इनमें नेपाल के इनरुवा से भारत के न्यू पूर्णिया और दोधारा से बरेली तक प्रस्तावित ट्रांसमिशन लाइनें शामिल हैं।
पेट्रोलियम क्षेत्र में भी सहयोग का विस्तार हुआ है। दोनों नेताओं ने मोतिहारी-अमलेखगंज पेट्रोलियम पाइपलाइन के दूसरे चरण को नेपाल की जनता को समर्पित किया। इसके अलावा नेपाल के झापा में पेट्रोलियम टर्मिनल बनाने की आधारशिला रखी गई। सिलीगुड़ी से झापा के बीच नई पेट्रोलियम पाइपलाइन का काम जल्द शुरू करने पर जोर दिया गया।
इसका बड़ा फायदा क्या होगा?
नेपाल को ऊर्जा और ईंधन की आपूर्ति के लिए बेहतर बुनियादी ढांचा मिलेगा, जबकि भारत को क्षेत्रीय ऊर्जा व्यापार और बिजली निर्यात के नए अवसर मिलेंगे।
पीएम मोदी ने नेपाल के पीएम को दिए उपहार।
भारत-नेपाल के रिश्तों में चीन और सीमा विवाद का कितना महत्व?
भारत और नेपाल के संबंधों की एक खास बात यह है कि दोनों देशों के बीच केवल राजनीतिक और आर्थिक रिश्ते नहीं हैं, बल्कि आम लोगों के बीच भी गहरे संबंध हैं। भारत नेपाल का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार भी है। वित्त वर्ष 2025-26 में दोनों देशों के बीच वस्तुओं का व्यापार करीब 9.38 अरब डॉलर रहा। नेपाल के कुल वस्तु व्यापार में भारत की हिस्सेदारी 60 फीसदी से ज्यादा बताई गई है। नेपाल के निर्यात का बड़ा हिस्सा भी भारतीय बाजार में पहुंचता है।
हालांकि, रिश्तों में कुछ ऐसे मुद्दे भी हैं जिनका समाधान अभी बाकी है। इनमें कालापानी, लिपुलेख और लिम्पियाधुरा जैसे क्षेत्रों से जुड़ा सीमा विवाद प्रमुख हैं। चीन का मुद्दा भी भारत-नेपाल संबंधों के रणनीतिक संदर्भ में महत्वपूर्ण है। नेपाल की भौगोलिक स्थिति उसे भारत और चीन दोनों के लिए अहम बनाती है। चीन के साथ नेपाल के बुनियादी ढांचे, व्यापार और कनेक्टिविटी संबंधी संबंधों का विस्तार भी भारत की क्षेत्रीय नीति के लिए महत्वपूर्ण है।
ऐसे में भारत के लिए नेपाल के साथ भरोसे और विकास आधारित साझेदारी बनाए रखना अहम है। वहीं नेपाल के लिए भी भारत के साथ मजबूत संबंध व्यापार, ऊर्जा, निवेश और समुद्री बंदरगाहों तक पहुंच के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं।
इस यात्रा में दोनों नेताओं ने 1950 की भारत-नेपाल शांति और मैत्री संधि सहित मौजूदा द्विपक्षीय समझौतों की आपसी सहमति से समीक्षा करने की संभावना भी साझा विजन में शामिल की। यह संकेत है कि दोनों देश पुराने समझौतों को बदलती राजनीतिक और आर्थिक परिस्थितियों के अनुरूप देखने के इच्छुक हैं।
आठ समझौता ज्ञापनों से बढ़ेगा सहयोग का दायरा
इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच आठ समझौता ज्ञापनों (MoU) का आदान-प्रदान भी हुआ। इनका उद्देश्य केवल बुनियादी ढांचे तक सहयोग सीमित रखना नहीं, बल्कि प्रशासन, सुरक्षा, स्वास्थ्य, विज्ञान और तकनीक जैसे क्षेत्रों में भी साझेदारी बढ़ाना है।
'विकसित भारत-समुन्नत नेपाल' विजन का क्या है मतलब?
इस यात्रा का सबसे बड़ा राजनीतिक और कूटनीतिक संदेश दोनों देशों का साझा विजन है। प्रधानमंत्री मोदी और बालेन शाह ने 'विकसित भारत और समुन्नत नेपाल' के नाम से एक संयुक्त विजन दस्तावेज अपनाया है।इसमें दोनों देशों ने भविष्य के सहयोग के लिए कई क्षेत्रों की पहचान की है। इनमें आर्थिक विकास, निवेश, व्यापार, रेल और सड़क संपर्क, ऊर्जा, जल संसाधन, शिक्षा, डिजिटल सेवाएं, स्टार्टअप, अंतरिक्ष तकनीक और आपदा प्रबंधन शामिल हैं।
बालेन शाह की पहली भारत यात्रा ने दोनों देशों के संबंधों में विकास, ऊर्जा, शिक्षा और कनेक्टिविटी को केंद्र में रखा है। भारत के लिए नेपाल के साथ मजबूत आर्थिक और रणनीतिक साझेदारी महत्वपूर्ण है, जबकि नेपाल के लिए भारत के साथ सहयोग विकास और व्यापार के नए रास्ते खोल सकता है। अब इन घोषणाओं को जमीन पर उतारना दोनों देशों के संबंधों की अगली परीक्षा होगी।
