शहर

अहमदाबाद में दिलजीत के कॉन्सर्ट में iPhone चुराने दिल्ली से आई गैंग, 20 हजार के गोल्ड पास खरीदकर की वारदात

आरोपी चोरी के मोबाइल अपनी जेब में रख लेते थे।पुलिस को फिलहाल वालिद का पूरा नाम और पता नहीं मिला है। आरोपियों के मुताबिक, दिल्ली में एक चाय की दुकान पर उनकी मुलाकात होती थी। पुलिस अब वालिद और गैंग के चौथे सदस्य की पहचान और तलाश में जुटी है।

Image

दिल्ली की गैंग के दो सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 21 नवंबर को हुए दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के दौरान मोबाइल चोरी करने वाली दिल्ली की गैंग के दो सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मोहम्मद उर्फ सुमाइल गुलजार और अशरफ हुसैन उर्फ इंद्रिसी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से चोरी के 11 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गैंग के दो अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

मोटेरा पुलिस स्टेशन के PI आर.वी. विंची के मुताबिक, चारों आरोपी दिल्ली से किराए की कार लेकर अहमदाबाद आए थे। उनका मकसद सिर्फ कॉन्सर्ट के दौरान मोबाइल चोरी करना था। वे फैनपिट के गोल्ड पास खरीदकर और सिर पर साफा बांधकर स्टेडियम में दाखिल हुए थे। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, आरोपियों ने भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल चोरी किए। वे खास तौर पर iPhone और Samsung Fold 8 जैसे महंगे फोन को निशाना बना रहे थे।

मुख्य आरोपी वालिद करता था चोरी, साथी रखते थे मोबाइल

PI विंची ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में वालिद नाम के एक अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, वालिद मोबाइल चोरी करता था और फिर फोन अपने साथ मौजूद दोनों आरोपियों को दे देता था। ये आरोपी चोरी के मोबाइल अपनी जेब में रख लेते थे।पुलिस को फिलहाल वालिद का पूरा नाम और पता नहीं मिला है। आरोपियों के मुताबिक, दिल्ली में एक चाय की दुकान पर उनकी मुलाकात होती थी। पुलिस अब वालिद और गैंग के चौथे सदस्य की पहचान और तलाश में जुटी है।

चारों ने खरीदे थे गोल्ड पास, टिकटों पर खर्च किए 20 हजार रुपये

पुलिस के अनुसार, चारों आरोपी दिल्ली से ओला के जरिए किराए की कार लेकर निकले थे और 21 नवंबर को सुबह करीब 11 बजे अहमदाबाद पहुंचे थे। उन्होंने कॉन्सर्ट के फैनपिट गोल्ड पास खरीदे थे। PI विंची ने बताया कि प्रत्येक टिकट की कीमत 4,000 रुपये थी और चारों ने टिकटों पर कुल 20,000 रुपये खर्च किए थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी सिर्फ म्यूजिक कॉन्सर्ट ही नहीं, बल्कि क्रिकेट मैचों और अन्य बड़े आयोजनों में भी टिकट लेकर प्रवेश करते थे। उनका तरीका भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल चोरी करना था। हालांकि, पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ दिल्ली में पहले किसी अन्य अपराध की FIR दर्ज होने की जानकारी अब तक सामने नहीं आई है।

कॉन्सर्ट में मोबाइल चोरी की करीब 70 शिकायतें

PI विंची ने बताया कि कॉन्सर्ट के दौरान मोबाइल चोरी को लेकर करीब 70 लोगों ने पुलिस को आवेदन दिए थे। सभी शिकायतकर्ताओं के पास मोबाइल के IMEI नंबर उपलब्ध नहीं थे, इसलिए पुलिस उनसे संपर्क कर IMEI नंबर जुटा रही है।अब तक 64 मोबाइल फोन को संबंधित पोर्टल पर सर्विलांस में रखा गया है। इसी तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। गिरफ्तार आरोपियों से 11 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

'मोबाइल चोरी हुआ है तो मोटेरा थाने में शिकायत करें'

PI विंची ने बताया कि पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेने की प्रक्रिया कर रही है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि गैंग ने इससे पहले किन बड़े आयोजनों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया, कुल कितने मोबाइल चुराए और चोरी के फोन किसे बेचे जाते थे। फिलहाल मोबाइल बेचने के किसी ठिकाने या खरीदार की जानकारी सामने नहीं आई है।उन्होंने अहमदाबाद और बाहर से आए उन लोगों से भी अपील की है, जिनके कॉन्सर्ट के दौरान मोबाइल चोरी हुए या गुम हुए हैं, वे मोटेरा पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस का कहना है कि कई लोग मोबाइल चोरी होने के बावजूद शिकायत दर्ज नहीं कराते। PI ने लोगों से अपील की कि बड़े आयोजनों में भीड़ के दौरान मोबाइल और पर्स संभालकर रखें। मोबाइल को ऐसी जेब में न रखें, जहां से उसे आसानी से निकाला जा सके।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article